Tuesday, January 31, 2023

कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक*

*वर्मी कम्पोस्ट के रख रखाव एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने जिले के सभाकक्ष में आज धान खरीदी कार्यों की वर्तमान प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जीरो शॉर्टेज के बारे में जानकारी लेते हुए प्रत्येक धान उपार्जन केंद्र को दो अलग-अलग रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा धान उपार्जन, धान उठाव एवं रकबा समर्पण के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का जिक्र करते हुए कहा कि भुगतान संबंधी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं समय पर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ सिद्दीकी ने धान के आवक और बारदाने का उचित मिलान करने के निर्देश दिए। उन्हों ने वर्मी कम्पोस्ट के बारे में चर्चा करते हुए उसके रखरखाव की व्यवस्था, विक्रय एवं भुगतान संबंधी कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा स्व-सहायता समूह के भुगतान पर ध्यान देने को कहा, भुगतान संबंधी सभी लंबित कार्यों को शीघ्रता से इसी सप्ताह पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों की समाप्ति की घोषणा संबंधी विषय पर कहा कि सर्वप्रथम सभी ऊपार्जन केन्द्रों से फील्ड वेरिफिकेशन की जानकारी प्राप्त हो जाए उसके पश्चात समाप्ति की तिथि घोषित की जाएगी। उक्त बैठक में सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत ध्रुव, सहायक पंजीयक सहकारिता श्री व्यास साहू, साथ ही खाद्य विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने ली राजस्व विभाग की बैठक*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने आज राजस्व विभाग के समस्त अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी लंबित राजस्व संबंधी मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही दर्ज प्रकरणों एवं बिना दर्ज हुए प्रकरणों दोनों का निपटान शीघ्रता से करने को कहा। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने सभी को अवगत कराया कि आने वाले दिनों में वे स्वयं तहसील एवं एसडीएम के कोर्ट में जाकर आर्डर शीट की जाँच करेंगी। इसके साथ ही विवादित एवं अविवादित खाता विभाजन, विवादित एवं अविवादित नामांतरण, नजूल, भूमिस्वामी के मामले, शासकीय भूमि के वितरण एवं व्यपवर्तन संबंधी वसूली के मामलों पर युद्धस्तर में काम करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल एवं डॉ. स्निग्धा तिवारी, बिलाईगढ़ एसडीएम श्री के.एल.सोरी एवं सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा और समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।



कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने आज जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी एवं निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी भी उपस्थित रहीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में जमीन अतिक्रमण संबंधी कुछ मामले आए जिस पर कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित एसडीएम को जाँच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय टेढीभदरा, बिलाईगढ़ में पदस्थ शिक्षक तिलक सिंह जो वर्तमान में लकवाग्रस्त हैं, उन्होंने अधिक दूरी होने के कारण आने-जाने की समस्या से अवगत कराते हुए स्थानांतरण हेतु आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम लेंध्रा निवासी भरतलाल ने धान की राशि का भुगतान नहीं होने संबंधी समस्या को लेकर आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने अपेक्स बैंक को तत्काल फोन करके जांच कर निराकरण करने को कहा। ग्राम पंडरी पाली बिलाईगढ़ निवासी ताराबाई ने भूमि रिकॉर्ड में रकबा सुधार न हेतु आवेदन किया, उन्होंने बताया कि उक्त कारणों से वे धान विक्रय नहीं कर पा रही है, जिस पर कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने एसडीएम बिलाईगढ़ को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम छिचपानी जो जंगली क्षेत्र में बसा हुआ है वहाँ के निवासियों ने शासकीय प्राथमिक शाला में छात्र-छात्राओं के पीने के पानी की समस्या को लेकर बोर उत्खनन कराए जाने हेतु आवेदन किया, कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित विभाग को उक्त स्थान में जाकर जांच करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें पेंशन, खाता विभाजन, सीमांकन एवं मुआवजा संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित विभाग को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।




Sunday, January 29, 2023

आयुष विभाग द्वारा पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

 *आयुष विभाग द्वारा पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 जनवरी 2023/ छत्तीसगढ़ शासन आयुष विभाग के आदेशानुसार एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ.मीरा भगत के मार्गदर्शन में आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर भेड़वन, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अंतर्गत पांच चिन्हांकित गांवों में पांच-पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण शिविर 19 जनवरी से 12 फरवरी 2023 तक पाँच-पाँच दिवस का क्रमश : ग्राम-मधुबन, तिलाईमुड़ा, लालदेवरी, भोथली और खूडुभांठा में किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत प्रथम पांच दिवस ग्राम मधुबन में योग प्रशिक्षण शिविर 19 जनवरी से 23 जनवरी तक योग प्रशिक्षक श्री मनोज कुमार पटेल द्वारा योगाभ्यास कराकर संपन्न हुआ। जिसमें कुल 337 हितग्राही लाभान्वित हुए। प्रत्येक चिन्हांकित ग्रामों में योग प्रशिक्षण शिविर हेतु प्रचार-प्रसार के लिए पांपलेट वितरण एवं दो-तीन दिन ग्राम कोटवार के माध्यम से मुनादी भी कराई गई है। उक्त ग्राम के सरपंच एवं पंच, आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में जाकर योग शिविर का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। ग्राम तिलाईमुड़ा में 24 से 28 जनवरी तक योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।





नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

 *नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस*

*विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने किया ध्वजारोहण*

*विभागों ने निकाली जीवंत झांकी, तो बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जनवरी 2023/ विधायक सारंगढ़ एवं उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में आज नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला मुख्यालय के खेलभांठा मैदान में पहला गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ। विधायक श्रीमती जांगड़े ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस मौके पर उन्होंने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
         इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्री मनीष कुंवर के नेतृत्व में पुलिस विभाग, शा.लोचन प्रसाद पाण्डेय, मोना मार्डन इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेजस सारंगढ़, अशोका पब्लिक स्कूल शास.कन्या उच्चतर माध्य विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मंदिर के एनसीसी एवं स्कूली बच्चों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर्स से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल द्वारा देश रंगीला, अशोका स्कूल द्वारा हाय रे सरगुजा नाचे पारम्परिक लोक नृत्य, मोना मार्डन अंग्रेजी स्कूल के बच्चों ने जयतु वंदे भारतम, शा. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपीएम हा.से.स्कूल, सेंट थामस जैसे विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति एवं पारम्परिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। इस दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपने कार्यों और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
         इस अवसर पर छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती पदमा घनश्याम मनहर, सारंगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू मालाकार, श्री अरूण मालाकार, गौ-सेवा आयोग सदस्य श्री पुरूषोत्तम साहू, पार्षद श्रीमती सरिता शंकर चंद्रा, श्री संजय दुबे, श्रीमती सरिता गोपाल, श्री अजय बंजारे, कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग सहित गणमान्य नागरिक, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
ये रहे विजेता
परेड सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान में पुलिस विभाग, द्वितीय स्थान में सीनियर विंग एनसीसी, तृतीय स्थान सीनियर डिवीजन एनसीसी ने प्राप्त किया। परेड जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान जूनियर डिवीजन एनसीसी, द्वितीय स्थान जूनियर विंग एनसीसी, तृतीय स्थान शासकीय कन्या शाला सारंगढ़ ने प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान-सेजस सारंगढ़, द्वितीय स्थान-मोना मॉडर्न स्कूल सारंगढ़, तृतीय स्थान-एनसीसी सारंगढ़ ने प्राप्त किया। इसी प्रकार झांकी में प्रथम स्थान-नगरीय प्रशासन पुलिस विभाग, द्वितीय स्थान में संयुक्त रूप से कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग तथा तृतीय स्थान-लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिला।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित*
विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सारंगढ़ के व्याख्याता कार्यक्रम अधिकारी श्री राजकुमार जांगड़े तथा शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय सारंगढ़ के कार्यक्रम अधिकारी प्रो.लोकेश्वर पटेल को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अन्य उत्कृष्ट कार्य हेतु तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से श्री हरीकिशन डनसेना, श्री आयुष तिवारी, श्री प्रशांत कुमार पटेल, श्री कमल कुमार नायक, श्री संतोष पाण्डेय, श्री गणेश साहू, श्री शंकर लाल सिदार, श्री संजीव कुमार त्रिपाठी, श्री लाली पटेल, श्री संजय कुमार पटेल, श्री संतोष पटेल, श्री उमेश पटेल, श्री दिल कुमार बंजारे, श्री कुंजबिहारी गहरे, श्री रमन यादव, श्रीमती लक्ष्मीन यादव, श्री सोमेश्वर यादव, श्री राजेन्द्र भारद्वाज एवं श्री राजेन्द्र राठिया, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती हराबाई निषाद एवं श्रीमती पदमावती साव, कृषि विभाग से श्री निलेश राव, कुमारी अंजुलता कुसरो एवं श्री कमलेश कुमार पटवा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा से श्री दिनेश कुमार नायक, जल संसाधन विभाग से श्री चैतराम भारद्वाज एवं श्री छोटेलाल यादव, आयुष विभाग से डॉ.अशोक कुमार पाण्डेय एवं डॉ.नरेन्द्र प्रधान, स्वास्थ्य विभाग से श्रीमती उषा लहरे, कु.रमशीला साहू श्री प्रमोद सतपथी, खाद्य विभाग से श्री विद्यानंद पटेल एवं श्री छबिलाल चौहान, पंचायत विभाग से श्री युवराज पटेल एवं श्री कामता प्रसाद अम्बेडकर, वन विभाग से श्री संतोष कुमार मनहर, शिक्षा विभाग से श्री नरेश कुमार चौहान, श्री मनोज कुमार जांगड़े, श्री संतोष कुमार यादव, श्रीमती मणिप्रभा त्रिपाठी, श्रीमती ममता साहू, श्री छबिलाल चौहान, श्री मुकेश कुमार कुर्रे, मोहम्मद तौसीम, कु.संजना साहू, श्री जतिन पटेल, नगर सेना विभाग से श्री महेन्द्र कुमार गुप्ता एवं श्री पिलेश्वर सिदार, नगर पालिका से श्री रोशन कुमार यादव एवं श्री संजीव कुमार यादव, मछली पालन विभाग से श्री लाभोराम सिदार, लोक निर्माण विभाग से श्री ठाकुर राम राठिया एवं श्री प्रदीप कुमार गुप्ता, छ.ग.स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड श्री सूर्यकांत शुक्ला एवं श्री सुरेन्द्र कुमार खैरवार, आदिवासी विकास शाखा से श्री गिरीवर नायक एवं श्री विमल अजगल्ले शामिल है।









कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक

 *सुपोषण अभियान के अंतर्गत गभर्वती महिलाओं एवं बच्चों को पहुंचाये लाभ-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी*

*कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है, जिसके सफल आयोजन के लिए विभागवार आबंटित ड्यूटी के संबंध में  अधिकारी अपने दायित्वों को जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें।
         कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सुपोषण अभियान के संबंध में चर्चा की। उन्होंने सुपोषण अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों को सभी चिन्हित वर्ग जिनमें बच्चे एवं गर्भवती महिलाएं आती हैं, उन्हें लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रीपा अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए कंडोला गौठान में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली एवं जल्द ही शेड निर्माण एवं अन्य लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। धान खरीदी कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कुल खरीदी एवं रकबा समर्पण तथा चावल के स्टॉक के बारे में नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम से जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आगामी 1 फरवरी को जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मिलेट्स फसलों के अंतर्गत किसानों को रागी फसल की खेती हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वन अधिकार पट्टा के अंतर्गत हितग्राहियों को प्राथमिकता में लेकर उन्हें स्व-सहायता समूह के साथ जोड़कर आवश्यक गतिविधि कराने के निर्देश दिए, साथ ही मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा।
         कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने मिलेट मिशन, सी-मार्ट, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लघु वनोपज, नरेगा, आवर्ती चराई, रीपा, वन अधिकार पत्र, कृष्ण कुंज, गोधन न्याय योजना, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, राजीव युवा मितान क्लब, पैरादान, हाट बाजार, आत्मानंद स्कूल, रामायण मंडली, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, विवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, टीबी कुष्ट रोग जाँच एवं निवारण अभियान, राजीव गाँधी भूमिहीन किसान योजना, गोधन न्याय योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 
       बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल एवं स्निग्धा तिवारी, एसडीएम के.एल.सोरी एवं मोनिका वर्मा, साथ ही अन्य विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।
*अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय मतदाता की शपथ* 
भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप आज 13 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सभाकक्ष में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण का आयोजन हुआ। समय-सीमा बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए अपने देश की लोकतांत्रित परम्पराओं की गरिमा को बनाये रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्य रखते हुए, निर्भिक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु शपथ ली।





रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

 *रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी की अध्यक्षता में जिले के सभाकक्ष में रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें रीपा योजना का विस्तृत परिचय और गतिविधियों पर चर्चा की गई। इस दौरान रायगढ़ सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिला पंचायत रायगढ़ से जिला राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन टीम और जिला रीपा नोडल द्वारा भी दिशा-निर्देश पर चर्चा किया गया।

         गौरतलब है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रीपा योजना महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना के अंतर्गत सभी जिलों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण किया जा रहा है, इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने की कवायद जारी है। गौठानों में वर्मीकम्पोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, कृषि उत्पादों और वनोपजों के प्रसंस्करण एवं ग्रामोद्योग संबंधी कार्य किये जाने हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को रोजगार और आय के अवसर प्रदान करने की सरकार की मंशा है।

       उक्त कार्यशाला में संयुक्त कलेक्टर डॉ.स्निग्धा तिवारी, सारंगढ़ एवं बरमकेला सीईओ, सारंगढ़-बरमकेला-बिलाईगढ़ से रीपा गौठान के समूह सदस्य, उद्यमी, सरपंच, सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित जनपद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन हेतु दिया अनुमति आदेश पत्र

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन हेतु दिया अनुमति आदेश पत्र*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जनवरी 2023/ छ.ग.शासन कृषि (मछली पालन) विभाग मंत्रालय रायपुर से जारी आदेशानुसार कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंतर्गत विकासखणड सारंगढ़ के ग्राम पंचायत गुड़ेली एवं घोठला बड़े के ग्राम सराईपाली तथा विकासखण्ड बरमकेला के ग्राम पंचायत खैरगढ़ी से चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन का अनुमति आदेश पत्र का वितरण किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर डॉ.निष्ठा पाण्डेय तिवारी भी उपस्थित थी। 
          सहायक संचालक मछली पालन ने जानकारी देते बताया कि मछुआ नीति निर्देशानुसार तालाबों को 10 वर्षीय पट्टा देने संबंधित ग्राम पंचायतों एवं हितग्राहियों को अनुमति आदेश का वितरण जिला सारंगढ़ से पहली बार आदेशित कर मछली पालन कार्य की शुरूआत की गई है। जिसके तहत गुड़ेली से छापर तालाब हेतु सपना मछुआ समूह ग्राम सरसरा, सदस्य संख्या 18, सरार तालाब को लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह ग्राम सराईपाली सदस्य संख्या 11 महिला (बिहान समूह) तथा कलार तालाब को प्रिंसी मछुआ सहकारी समिति ग्राम खैरगढ़ी सदस्य संख्या-11 को दस वर्षीय मछली पालन पट्टा की अनुमति जारी किया गया है। वितरित आदेश के तहत संबंधित हितग्राही को मछली पालन नीति के तहत निर्धारित शर्तो अनुसार अनुबंध कर पंजीयन कराकर मछली पालन कार्य करने करने हेतु जानकारी दिया गया। मछली पालन विभाग जिला-सारंगढ़ से उक्त कार्यो हेतु विकास खण्ड सारंगढ़ से श्री मनीराम कुर्रे, मत्स्य निरीक्षक श्री सिद्धार्थ कुमार शुक्ला सहायक मत्स्य अधिकारी एवं श्रीमती गभेल मत्स्य निरीक्षक बरमकेला अपने क्षेत्र के चयनित हितग्राही समूहों के साथ पट्टा वितरण हेतु उपस्थित रहे।




कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक* *वर्मी कम्पोस्ट के रख रखाव एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने के दिए निर...