भेंट मुलाकात कार्यक्रम के लिए अभी से अपनी तैयार रखें - कलेक्टर
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 नवंबर 2022/ कलेक्टर डाॅ. फरिहा आलम ने आज नवनिर्मित जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पहली बार समय सीमा के तहत विभागीय कार्यों के कामकाज की समीक्षा की। औपचारिक परिचय के पश्चात् कलेक्टर ने सभी विभागों के उपस्थित अधिकारियों को कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। नया जिला है, शुरूआत में चुनौतियाँ होती हैं और यह हम सभी के साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन चुनौतियों से परे जाकर बिना किसी लापरवाही के हम सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी विभाग अपने कार्यालय पहुंचने के समय का विशेष ध्यान रखें।
समय सीमा बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के भेंट मुलाकात कार्यक्रम की रूपरेखा समझाई और संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे सरकार की विभिन्न योजनाएं जिन्हें प्रमुखता से भेंट मुलाकात कार्यक्रम में रखा जाता है, उन योजनाओं पर विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर ने यह दो टूक कहा कि आप बैठक में कारण गिनाकर समय व्यर्थ न करें, अगली बार जब समय सीमा बैठक में आए तो अपने साथ आंकड़े लेकर आएं और उन्हीं आंकड़ों के आधार पर अपनी बात रखें। इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल में आयुष्मान कार्ड से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग को कैम्प लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के प्रमुखों से कहा कि आप सभी आवेदन जो आम जनता के द्वारा जनदर्शन,कलेक्टर शिकायत शाखा एवं लोक सेवा गारंटी आदि के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। उनका निराकरण कर जिला कार्यालय को शीघ्र सूचित करें। सभी आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर ही हो जाना चाहिए, साथ ही इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विशेष ध्यान देने कहा है।
धान खरीदी को लेकर कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को 65 समितियों में शीघ्रता से पंजीयन पूरा करने के लिए कहा, उन्होंने आज विशेषकर धान खरीदी के लिए जिले के सभी 78 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा तथा नियमानुसार धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र स्तर पर नियुक्त नोडल तथा सहायक नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करने और खाद्य विभाग द्वारा जारी चेक लिस्ट के अनुसार तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही श्री धन्वंतरी मेडिकल, राजीव गांधी खेतिहर भूमिहीन योजना, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक, राजीव युवा मितान क्लब, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में भर्ती होने वाले छात्रों की प्रगति, जल जीवन मिशन एवं गोधन न्याय योजना की समीक्षा की। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर डाॅ. स्निग्धा तिवारी एवं समस्त विभागों के जिला प्रमुख, सभी सीएमओ एवं जनपद सीईओ उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment