*कलेक्टर ने सराईपाली ग्राम में "गौठान म गोठ"
कार्यक्रम आयोजित किया*
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 नवंबर 2022/ राज्य सरकार की
महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों की उत्पादकता और अधिक बढ़ाने
के लिए कलेक्टर डाॅ. फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में आज जिले के विभिन्न
गौठानों में "गौठान म गोठ" कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कलेक्टर ने स्वयं
आज सारंगढ़ के नौरंगपुर गाँव में आयोजित राजस्व शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण
के दौरान कलेक्टर ने शिविर में आ रहे आवेदनों की जानकारी ली, साथ ही निराकृत आवेदनों का भुइयां एप्लीकेशन एवं खसरा
पांचसाला खाते में दर्ज करने के बारे में जानकारी ली एवं अनिराकृत आवेदनों की
संख्या के बारे में जानकारी ली। जो ग्रामीण शिविर में अपना आवेदन लेकर आए थे, उनसे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी एवं उपस्थित पटवारियों को
त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। राजस्व शिविर में खाता विभाजन, अविवादित खाता, नामांतरण एवं
जाति प्रमाण पत्र संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।
ज्ञातव्य है कि
जिले में कलेक्टर डाॅ फरिहा सिद्दकी के निर्देशानुसार राजस्व मामलों के सुदृढ़ीकरण
करने के लिए जिले में आज 28 नवंबर से लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु
राजस्व शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उक्त राजस्व शिविर सारंगढ़ में दिनांक 6 दिसंबर तक 21 अलग-अलग स्थलों
में, बरमकेला में 31 दिसंबर तक 19 स्थलों में, सरिया में 27 दिसंबर तक 12 स्थलों में, बिलाईगढ़ में 6 दिसंबर तक 10 स्थलों में, भटगांव में 19 दिसंबर 35 स्थलों में
आयोजित होंगे। इस राजस्व शिविर का आयोजन सुबह 10:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित होगा। उक्त शिविर निरीक्षण के दौरान एसडीएम
मोनिका वर्मा, सीईओ अभिषेक बनर्जी एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी
उपस्थित रहे।
कलेक्टर डाॅ.
फरिहा सिद्दकी ने आज घौठलाबड़े ग्राम पंचायत के सराईपाली गाँव में आयोजित
"गौठान म गोठ" में हिस्सा लिया। गौठान स्थल में स्वास्थ्य विभाग के
द्वारा मेडिकल कैम्प भी लगाया गया था। कलेक्टर ने गौठान स्थल में आयोजित इस कैम्प
में अपना ब्लड सैंपल देकर हीमोग्लोबिन चेक करवाया और उपस्थित गांव की महिलाओं को
सलाह दी कि वे सभी हीमोग्लोबिन जाँच करवाएं एवं हीमोग्लोबिन की कमी होने पर वहीं
उपस्थित डाॅक्टर से परामर्श लें। इसके पश्चात् कलेक्टर ने "गौठान म गोठ"
कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए ग्रामीणों से चर्चा की। आजीविका संबंधी उपायों पर
चर्चा के दौरान समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा मुर्गी पालन, आटा चक्की, दिया बाती, अगरबत्ती बनाने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने इन
कार्यों की सराहना करते हुए इसे आगे भी यथावत जारी रखने के निर्देश दिए। पशुओं में
फैल रही संक्रामक लम्पी बीमारी के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित विभाग के
अधिकारी को जल्द टीकाकरण करवाने के निर्देश दिए एवं सभी उपस्थित ग्रामवासियों को
इस बीमारी से अवगत भी कराया कि लम्पी बीमारी एक संक्रामक बीमारी है, इससे पहले कि इस बीमारी का संक्रमण द्विगणित हो, समय रहते इसकी रोकथाम हेतु सतर्कता बरतते हुए उचित प्रबंध
किए जाएं। इसके अलावा कलेक्टर ने धान खरीदी, गोबर विक्रेताओं
एवं गौमुत्र विक्रेताओं का पंजीयन, गौठानों में
प्रतिदिन गोबर खरीदी, वर्मी खाद, पशुओं हेतु चारा की व्यवस्था कराने के लिए गौठानों में पर्याप्त पैरादान, कुपोषण संबंधी चर्चा, धान का त्याग कर
अन्य फसलें लगाने के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करना एवं सरसों क्षेत्रविस्तार पर
चर्चा की। "गौठान म गोठ" कार्यक्रम का आयोजन 9 दिसंबर तक जिले के विभिन्न गौठानों में आयोजित होगा। उक्त
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम मोनिका वर्मा, सीईओ अभिषेक
बनर्जी, गौठान समिति के सदस्य, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सरपंच एवं सचिव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।





No comments:
Post a Comment