सीमावर्ती संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में धान खरीदी के दौरान विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 नवम्बर 2022/ कलेक्टर डाॅ आलम
ने आज जिले के सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों की बैठक ली।
बैठक के दौरान उन्होंने धान खरीदी की समीक्षा की। ओड़िशा राज्य के बरगढ़ जिले से
सीमा में आने वाले धान खरीदी मंडियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर आलम ने
बरगढ़ जिले की कलेक्टर से मुलाकात कर स्थितियों की जानकारी ली और सभी को जानकारी
दी कि बरगढ़ में धान 2050 रूपए प्रति क्विंटल है जबकि हमारे यहाँ 2640 रूपए प्रति क्विंटल है। जाहिर है उड़ीसा से छत्तीसगढ़ धान
लाने का प्रयास लिया जाएगा, और फिर यहाँ समस्या पैदा होगी। कलेक्टर ने सख्त
हिदायत देते हुए सभी को अवगत कराया कि सीमावर्ती 11 अंतरराज्यीय
चेकपोस्ट जिनमें सांकरा, लुकापारा, कंचनपुर स, अमलीपाली (बड़े नवापारा), केनाभांठा, रिसोरा, घोघरा, डूमरपाली,बिरनीपाली
(बरमकेला-सोहेला मार्ग), जीरापाली एवं झाल (लोहराचट्टी मार्ग) आते हैं, यहाँ पैनी नजर रखी जाए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि सभी लोग
काम नियम से करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई न करें अन्यथा इस
तरह की गतिविधि में किसी को नहीं बख्शा जाएगा, चेकपोस्ट प्रभारी, फ्लाइंग स्क्वाड या फिर नोडल आफिसर जो भी हैं, सभी के खिलाफ त्वरित कार्यवाई की जाएगी। इसके अलावा जीरो रकबा
वाले खातों पर विशेष ध्यान रखने को कहा, अगर जीरो रकबा
में कोई एंट्री होती है और उनका धान बिकता है तो संबंधित जो भी होंगे वे कड़ी
कार्यवाई के लिए तैयार रहें। रकबा वेरिफिकेशन और रकबा समर्पण के मामलों में तेजी
लाने के निर्देश देते हुए सभी खाद्य अधिकारियों को मंडियों का नियमित रूप से
निरीक्षण करने को कहा ताकि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में बारदाना की स्थिति के बारे में जानकारी ली, इसके साथ ही पैरादान पर विशेष ध्यान देने को कहा, पैरादान के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने का सुझाव देकर
गौठान प्रबंधन समितियों को पैरादान का उठाव करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर
कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, सारंगढ़ एसडीएम
मोनिका वर्मा एवं खाद्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।


No comments:
Post a Comment