Tuesday, January 31, 2023

कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक*

*वर्मी कम्पोस्ट के रख रखाव एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने जिले के सभाकक्ष में आज धान खरीदी कार्यों की वर्तमान प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जीरो शॉर्टेज के बारे में जानकारी लेते हुए प्रत्येक धान उपार्जन केंद्र को दो अलग-अलग रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा धान उपार्जन, धान उठाव एवं रकबा समर्पण के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का जिक्र करते हुए कहा कि भुगतान संबंधी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं समय पर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ सिद्दीकी ने धान के आवक और बारदाने का उचित मिलान करने के निर्देश दिए। उन्हों ने वर्मी कम्पोस्ट के बारे में चर्चा करते हुए उसके रखरखाव की व्यवस्था, विक्रय एवं भुगतान संबंधी कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा स्व-सहायता समूह के भुगतान पर ध्यान देने को कहा, भुगतान संबंधी सभी लंबित कार्यों को शीघ्रता से इसी सप्ताह पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों की समाप्ति की घोषणा संबंधी विषय पर कहा कि सर्वप्रथम सभी ऊपार्जन केन्द्रों से फील्ड वेरिफिकेशन की जानकारी प्राप्त हो जाए उसके पश्चात समाप्ति की तिथि घोषित की जाएगी। उक्त बैठक में सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत ध्रुव, सहायक पंजीयक सहकारिता श्री व्यास साहू, साथ ही खाद्य विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने ली राजस्व विभाग की बैठक*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने आज राजस्व विभाग के समस्त अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी लंबित राजस्व संबंधी मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही दर्ज प्रकरणों एवं बिना दर्ज हुए प्रकरणों दोनों का निपटान शीघ्रता से करने को कहा। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने सभी को अवगत कराया कि आने वाले दिनों में वे स्वयं तहसील एवं एसडीएम के कोर्ट में जाकर आर्डर शीट की जाँच करेंगी। इसके साथ ही विवादित एवं अविवादित खाता विभाजन, विवादित एवं अविवादित नामांतरण, नजूल, भूमिस्वामी के मामले, शासकीय भूमि के वितरण एवं व्यपवर्तन संबंधी वसूली के मामलों पर युद्धस्तर में काम करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल एवं डॉ. स्निग्धा तिवारी, बिलाईगढ़ एसडीएम श्री के.एल.सोरी एवं सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा और समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।



कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दीकी ने आज जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी एवं निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी भी उपस्थित रहीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में जमीन अतिक्रमण संबंधी कुछ मामले आए जिस पर कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित एसडीएम को जाँच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय टेढीभदरा, बिलाईगढ़ में पदस्थ शिक्षक तिलक सिंह जो वर्तमान में लकवाग्रस्त हैं, उन्होंने अधिक दूरी होने के कारण आने-जाने की समस्या से अवगत कराते हुए स्थानांतरण हेतु आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम लेंध्रा निवासी भरतलाल ने धान की राशि का भुगतान नहीं होने संबंधी समस्या को लेकर आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने अपेक्स बैंक को तत्काल फोन करके जांच कर निराकरण करने को कहा। ग्राम पंडरी पाली बिलाईगढ़ निवासी ताराबाई ने भूमि रिकॉर्ड में रकबा सुधार न हेतु आवेदन किया, उन्होंने बताया कि उक्त कारणों से वे धान विक्रय नहीं कर पा रही है, जिस पर कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने एसडीएम बिलाईगढ़ को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम छिचपानी जो जंगली क्षेत्र में बसा हुआ है वहाँ के निवासियों ने शासकीय प्राथमिक शाला में छात्र-छात्राओं के पीने के पानी की समस्या को लेकर बोर उत्खनन कराए जाने हेतु आवेदन किया, कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित विभाग को उक्त स्थान में जाकर जांच करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें पेंशन, खाता विभाजन, सीमांकन एवं मुआवजा संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने संबंधित विभाग को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।




Sunday, January 29, 2023

आयुष विभाग द्वारा पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

 *आयुष विभाग द्वारा पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 जनवरी 2023/ छत्तीसगढ़ शासन आयुष विभाग के आदेशानुसार एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ.मीरा भगत के मार्गदर्शन में आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर भेड़वन, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अंतर्गत पांच चिन्हांकित गांवों में पांच-पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण शिविर 19 जनवरी से 12 फरवरी 2023 तक पाँच-पाँच दिवस का क्रमश : ग्राम-मधुबन, तिलाईमुड़ा, लालदेवरी, भोथली और खूडुभांठा में किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत प्रथम पांच दिवस ग्राम मधुबन में योग प्रशिक्षण शिविर 19 जनवरी से 23 जनवरी तक योग प्रशिक्षक श्री मनोज कुमार पटेल द्वारा योगाभ्यास कराकर संपन्न हुआ। जिसमें कुल 337 हितग्राही लाभान्वित हुए। प्रत्येक चिन्हांकित ग्रामों में योग प्रशिक्षण शिविर हेतु प्रचार-प्रसार के लिए पांपलेट वितरण एवं दो-तीन दिन ग्राम कोटवार के माध्यम से मुनादी भी कराई गई है। उक्त ग्राम के सरपंच एवं पंच, आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में जाकर योग शिविर का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। ग्राम तिलाईमुड़ा में 24 से 28 जनवरी तक योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।





नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

 *नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस*

*विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने किया ध्वजारोहण*

*विभागों ने निकाली जीवंत झांकी, तो बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जनवरी 2023/ विधायक सारंगढ़ एवं उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में आज नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला मुख्यालय के खेलभांठा मैदान में पहला गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ। विधायक श्रीमती जांगड़े ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस मौके पर उन्होंने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
         इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्री मनीष कुंवर के नेतृत्व में पुलिस विभाग, शा.लोचन प्रसाद पाण्डेय, मोना मार्डन इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेजस सारंगढ़, अशोका पब्लिक स्कूल शास.कन्या उच्चतर माध्य विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मंदिर के एनसीसी एवं स्कूली बच्चों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर्स से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल द्वारा देश रंगीला, अशोका स्कूल द्वारा हाय रे सरगुजा नाचे पारम्परिक लोक नृत्य, मोना मार्डन अंग्रेजी स्कूल के बच्चों ने जयतु वंदे भारतम, शा. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपीएम हा.से.स्कूल, सेंट थामस जैसे विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति एवं पारम्परिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। इस दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपने कार्यों और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
         इस अवसर पर छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती पदमा घनश्याम मनहर, सारंगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू मालाकार, श्री अरूण मालाकार, गौ-सेवा आयोग सदस्य श्री पुरूषोत्तम साहू, पार्षद श्रीमती सरिता शंकर चंद्रा, श्री संजय दुबे, श्रीमती सरिता गोपाल, श्री अजय बंजारे, कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग सहित गणमान्य नागरिक, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
ये रहे विजेता
परेड सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान में पुलिस विभाग, द्वितीय स्थान में सीनियर विंग एनसीसी, तृतीय स्थान सीनियर डिवीजन एनसीसी ने प्राप्त किया। परेड जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान जूनियर डिवीजन एनसीसी, द्वितीय स्थान जूनियर विंग एनसीसी, तृतीय स्थान शासकीय कन्या शाला सारंगढ़ ने प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान-सेजस सारंगढ़, द्वितीय स्थान-मोना मॉडर्न स्कूल सारंगढ़, तृतीय स्थान-एनसीसी सारंगढ़ ने प्राप्त किया। इसी प्रकार झांकी में प्रथम स्थान-नगरीय प्रशासन पुलिस विभाग, द्वितीय स्थान में संयुक्त रूप से कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग तथा तृतीय स्थान-लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिला।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित*
विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सारंगढ़ के व्याख्याता कार्यक्रम अधिकारी श्री राजकुमार जांगड़े तथा शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय सारंगढ़ के कार्यक्रम अधिकारी प्रो.लोकेश्वर पटेल को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अन्य उत्कृष्ट कार्य हेतु तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से श्री हरीकिशन डनसेना, श्री आयुष तिवारी, श्री प्रशांत कुमार पटेल, श्री कमल कुमार नायक, श्री संतोष पाण्डेय, श्री गणेश साहू, श्री शंकर लाल सिदार, श्री संजीव कुमार त्रिपाठी, श्री लाली पटेल, श्री संजय कुमार पटेल, श्री संतोष पटेल, श्री उमेश पटेल, श्री दिल कुमार बंजारे, श्री कुंजबिहारी गहरे, श्री रमन यादव, श्रीमती लक्ष्मीन यादव, श्री सोमेश्वर यादव, श्री राजेन्द्र भारद्वाज एवं श्री राजेन्द्र राठिया, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती हराबाई निषाद एवं श्रीमती पदमावती साव, कृषि विभाग से श्री निलेश राव, कुमारी अंजुलता कुसरो एवं श्री कमलेश कुमार पटवा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा से श्री दिनेश कुमार नायक, जल संसाधन विभाग से श्री चैतराम भारद्वाज एवं श्री छोटेलाल यादव, आयुष विभाग से डॉ.अशोक कुमार पाण्डेय एवं डॉ.नरेन्द्र प्रधान, स्वास्थ्य विभाग से श्रीमती उषा लहरे, कु.रमशीला साहू श्री प्रमोद सतपथी, खाद्य विभाग से श्री विद्यानंद पटेल एवं श्री छबिलाल चौहान, पंचायत विभाग से श्री युवराज पटेल एवं श्री कामता प्रसाद अम्बेडकर, वन विभाग से श्री संतोष कुमार मनहर, शिक्षा विभाग से श्री नरेश कुमार चौहान, श्री मनोज कुमार जांगड़े, श्री संतोष कुमार यादव, श्रीमती मणिप्रभा त्रिपाठी, श्रीमती ममता साहू, श्री छबिलाल चौहान, श्री मुकेश कुमार कुर्रे, मोहम्मद तौसीम, कु.संजना साहू, श्री जतिन पटेल, नगर सेना विभाग से श्री महेन्द्र कुमार गुप्ता एवं श्री पिलेश्वर सिदार, नगर पालिका से श्री रोशन कुमार यादव एवं श्री संजीव कुमार यादव, मछली पालन विभाग से श्री लाभोराम सिदार, लोक निर्माण विभाग से श्री ठाकुर राम राठिया एवं श्री प्रदीप कुमार गुप्ता, छ.ग.स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड श्री सूर्यकांत शुक्ला एवं श्री सुरेन्द्र कुमार खैरवार, आदिवासी विकास शाखा से श्री गिरीवर नायक एवं श्री विमल अजगल्ले शामिल है।









कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक

 *सुपोषण अभियान के अंतर्गत गभर्वती महिलाओं एवं बच्चों को पहुंचाये लाभ-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी*

*कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है, जिसके सफल आयोजन के लिए विभागवार आबंटित ड्यूटी के संबंध में  अधिकारी अपने दायित्वों को जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें।
         कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सुपोषण अभियान के संबंध में चर्चा की। उन्होंने सुपोषण अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों को सभी चिन्हित वर्ग जिनमें बच्चे एवं गर्भवती महिलाएं आती हैं, उन्हें लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रीपा अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए कंडोला गौठान में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली एवं जल्द ही शेड निर्माण एवं अन्य लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। धान खरीदी कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कुल खरीदी एवं रकबा समर्पण तथा चावल के स्टॉक के बारे में नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम से जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आगामी 1 फरवरी को जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मिलेट्स फसलों के अंतर्गत किसानों को रागी फसल की खेती हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वन अधिकार पट्टा के अंतर्गत हितग्राहियों को प्राथमिकता में लेकर उन्हें स्व-सहायता समूह के साथ जोड़कर आवश्यक गतिविधि कराने के निर्देश दिए, साथ ही मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा।
         कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने मिलेट मिशन, सी-मार्ट, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लघु वनोपज, नरेगा, आवर्ती चराई, रीपा, वन अधिकार पत्र, कृष्ण कुंज, गोधन न्याय योजना, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, राजीव युवा मितान क्लब, पैरादान, हाट बाजार, आत्मानंद स्कूल, रामायण मंडली, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, विवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, टीबी कुष्ट रोग जाँच एवं निवारण अभियान, राजीव गाँधी भूमिहीन किसान योजना, गोधन न्याय योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 
       बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल एवं स्निग्धा तिवारी, एसडीएम के.एल.सोरी एवं मोनिका वर्मा, साथ ही अन्य विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।
*अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय मतदाता की शपथ* 
भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप आज 13 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सभाकक्ष में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण का आयोजन हुआ। समय-सीमा बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए अपने देश की लोकतांत्रित परम्पराओं की गरिमा को बनाये रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्य रखते हुए, निर्भिक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु शपथ ली।





रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

 *रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी की अध्यक्षता में जिले के सभाकक्ष में रीपा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें रीपा योजना का विस्तृत परिचय और गतिविधियों पर चर्चा की गई। इस दौरान रायगढ़ सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिला पंचायत रायगढ़ से जिला राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन टीम और जिला रीपा नोडल द्वारा भी दिशा-निर्देश पर चर्चा किया गया।

         गौरतलब है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रीपा योजना महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना के अंतर्गत सभी जिलों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण किया जा रहा है, इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने की कवायद जारी है। गौठानों में वर्मीकम्पोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, कृषि उत्पादों और वनोपजों के प्रसंस्करण एवं ग्रामोद्योग संबंधी कार्य किये जाने हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को रोजगार और आय के अवसर प्रदान करने की सरकार की मंशा है।

       उक्त कार्यशाला में संयुक्त कलेक्टर डॉ.स्निग्धा तिवारी, सारंगढ़ एवं बरमकेला सीईओ, सारंगढ़-बरमकेला-बिलाईगढ़ से रीपा गौठान के समूह सदस्य, उद्यमी, सरपंच, सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित जनपद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन हेतु दिया अनुमति आदेश पत्र

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन हेतु दिया अनुमति आदेश पत्र*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जनवरी 2023/ छ.ग.शासन कृषि (मछली पालन) विभाग मंत्रालय रायपुर से जारी आदेशानुसार कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंतर्गत विकासखणड सारंगढ़ के ग्राम पंचायत गुड़ेली एवं घोठला बड़े के ग्राम सराईपाली तथा विकासखण्ड बरमकेला के ग्राम पंचायत खैरगढ़ी से चयनित हितग्राहियों को शासकीय तालाबों के लिए 10 वर्षीय पट्टा आबंटन का अनुमति आदेश पत्र का वितरण किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर डॉ.निष्ठा पाण्डेय तिवारी भी उपस्थित थी। 
          सहायक संचालक मछली पालन ने जानकारी देते बताया कि मछुआ नीति निर्देशानुसार तालाबों को 10 वर्षीय पट्टा देने संबंधित ग्राम पंचायतों एवं हितग्राहियों को अनुमति आदेश का वितरण जिला सारंगढ़ से पहली बार आदेशित कर मछली पालन कार्य की शुरूआत की गई है। जिसके तहत गुड़ेली से छापर तालाब हेतु सपना मछुआ समूह ग्राम सरसरा, सदस्य संख्या 18, सरार तालाब को लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह ग्राम सराईपाली सदस्य संख्या 11 महिला (बिहान समूह) तथा कलार तालाब को प्रिंसी मछुआ सहकारी समिति ग्राम खैरगढ़ी सदस्य संख्या-11 को दस वर्षीय मछली पालन पट्टा की अनुमति जारी किया गया है। वितरित आदेश के तहत संबंधित हितग्राही को मछली पालन नीति के तहत निर्धारित शर्तो अनुसार अनुबंध कर पंजीयन कराकर मछली पालन कार्य करने करने हेतु जानकारी दिया गया। मछली पालन विभाग जिला-सारंगढ़ से उक्त कार्यो हेतु विकास खण्ड सारंगढ़ से श्री मनीराम कुर्रे, मत्स्य निरीक्षक श्री सिद्धार्थ कुमार शुक्ला सहायक मत्स्य अधिकारी एवं श्रीमती गभेल मत्स्य निरीक्षक बरमकेला अपने क्षेत्र के चयनित हितग्राही समूहों के साथ पट्टा वितरण हेतु उपस्थित रहे।




कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी एवं निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में आज बड़ी संख्या में राशन कार्ड संबंधी विभिन्न समस्याओं को लेकर लोगों ने कलेक्टर डॉ.सिद्दकी के समक्ष आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने सभी आवेदकों को जनदर्शन में आवेदन करने के पूर्व जनपद पंचायत में पहले जाँच करवाने हेतु निर्देशित किया।
          प्राप्त आवेदनों में ग्राम डूमरसिंघा, तहसील-बरमकेला निवासी हाराधर पटेल जो दुर्घटना की वजह से अपने दाएं हाथ से 55 प्रतिशत विकलांग हो चुके हैं, उन्होंने विकलांग पेंशन संबंधी आवेदन किया। इसी क्रम में ग्राम कटेकोनी, सारंगढ़ निवासी राहुल यादव ने विकलांग प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवेदन किया जिस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण बिभाग को जाँच कर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम पेंड्रावन, तहसील-बिलाईगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार बघेल ने अपनी पुत्री का आरटीई के तहत स्कूल में भर्ती ना हो पाने संबंधी समस्या को लेकर आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने शिक्षा विभाग के कर्तव्यस्थ अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम उलखर तहसील-सारंगढ़ निवासी जगबाई चन्द्रा ने अपने स्वर्गीय पति भगवान दास चन्द्रा के समस्ति में हटाए गए नाम को दर्ज कराने के संबंध में आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने तहसीलदार सारंगढ़ को प्राप्त आवेदन पर जांच करने के निर्देश दिए। वार्ड क्रमांक 2 प्रतापगंज, सारंगढ़ निवासी रमेश कुमार मिश्रा ने गोबर खरीदी में आ रही समस्या को लेकर आवेदन किया। ग्राम पासीद कोसीर निवासी यमुना लहरे जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हैं एवं आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं, उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति हेतु आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने संबंधित विभाग प्रमुख को जांच कर निराकरण करने के निर्देश दिए।
         जनदर्शन में कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें पेंशन, राशन कार्ड, संपत्ति बंटवारा संबंधी आवेदन एवं धान खरीदी समस्या संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने संबंधित विभाग को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।



कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

 *कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ में समस्त कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें संयुक्त कलेक्टर डॉ.स्निग्धा तिवारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में समस्त पात्र किसानों को इनएक्टिव होने से नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्रता से उन्हें पात्र करने हेतु निर्देशित किया। संयुक्त कलेक्टर डॉ.तिवारी ने मिलेट मिशन की समीक्षा करते हुए रागी क्षेत्र विस्तार हेतु विशेष अभियान चला कर तय लक्ष्य 500 हेक्टेयर से अधिक प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया। साथ ही गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए नियमित गोबर खरीदी, खाद कन्र्वजेंस, स्वावलंबी गौठानों से प्राप्त राशि लाभांश का उपयोग गोबर खरीदी में करने, पैरा संग्रहण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने, गोमूत्र उत्पादन विक्रय में विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आगामी 23 जनवरी को शासन के निर्देशानुसार सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन करने के निर्देश दिए। जिसमें मिलेट्स फसलों जैसे रागी बाजरा आदि के आर्थिक और पोषण संबंधी गुणों के बारे में विस्तार से जानकारी देना है।
            बैठक में उपसंचालक कृषि पैंकरा श्री एस.एस.पैकरा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी सारंगढ़ श्री एस. एक्का,  वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बरमकेला श्री बसंत नायक, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बिलाईगढ़ श्री पी. के.घृतलहरे, सुपरवाइजर अपैक्स बैंक श्री धनेंद्र पटेल, समस्त कृषि विकास अधिकारीगण एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।




जिले में अवैध धान परिवहन पर कार्यवाही जारी

 *जिले में अवैध धान परिवहन पर कार्यवाही जारी*

*खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 535 बोरी धान किया गया जप्त*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ. फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ  लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 18 जनवरी को खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा धान जप्ती की एक बड़ी कार्यवाही की गई। संयुक्त टीम फूड इंस्पेक्टर श्री विद्यानंद पटेल, श्री कृष्ण राठौर और मंडी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार द्वारा सारंगढ़ के ग्राम हिर्री स्थित मंगलम् राईस मिल के बाहर वाहन क्रमांक-सीजी 14 ए-4100 में लदे हुए 535 बोरी धान जप्त कर कृषि उपज मंडी सारंगढ़ में सुपुर्द किया गया।
 उक्त वाहन द्वारा बिना किसी वैध दस्तावेज के धान का परिवहन किया जा रहा था जिस कारण से संयुक्त टीम द्वारा रात्रि में कार्यवाही की गई। ज्ञातव्य है कि जिले में धान खरीदी कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार मुस्तैद है जांच एवं निगरानी के लिए बनाई गई संयुक्त टीम लगातार गड़बड़ी एवं अव्यवस्था की जाँच कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।



कलेक्टर डॉ.फरिहा सिद्दकी ने फर्सवानी स्थित शासकीय स्कूल का किया निरीक्षण

 *कलेक्टर डॉ.फरिहा सिद्दकी ने फर्सवानी स्थित शासकीय स्कूल का किया निरीक्षण*

*छात्रों को आगामी परीक्षा की तैयारी हेतु दिए सुझाव*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज सारंगढ़ के ग्राम फर्सवानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों से स्कूल में सभी विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
उक्त निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सिद्दकी ने क्लास में जाकर स्कूली बच्चों से बात की। उनका हालचाल पूछा और उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने बारहवीं कक्षा के बच्चों से अर्धवार्षिक परीक्षा में उनके द्वारा प्राप्त अंकों के बारे में पूछा, छात्रों ने जीव विज्ञान, रसायन शास्त्र, भौतिकी, गणित एवं अंग्रेजी आदि विषयों में अपने प्राप्तांक कलेक्टर को बताए। कलेक्टर डॉ. सिद्दकी ने कहा कि अभी जो परीक्षा परिणाम आए हैं, बोर्ड परीक्षा में इससे और बेहतर परीक्षा परिणाम आने चाहिए। उन्होनें छात्रों से कहा कि इस कक्षा से जो भी छात्र परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। बच्चों ने उत्साह पूर्वक कलेक्टर के समक्ष अच्छे अंक लाने का आश्वासन दिया। तत्पश्चात् कलेक्टर डॉ. सिद्दकी ने विषयवार बच्चों से पढ़ाई से संबंधित उनकी समस्याएं पूछी, जिस पर छात्रों ने विषय विशेष के शिक्षकों की अनुपब्लधता के बारे में अवगत कराया, कलेक्टर ने बताया कि अभी 25 फरवरी तक जिन विषयों के शिक्षक स्कूल में उपलब्ध नहीं है, उनके लिए नोडल शिक्षक नियुक्त किए गए हैं जो स्कूलों में आकर उन विषयों को पढ़ाएंगे। साथ ही कलेक्टर ने सभी विषयों के पाठ्यक्रम के पूरे होने की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर डॉ. सिद्दकी ने सभी शिक्षकों से अध्यायों को रिवीजन कराने को कहा एवं छात्रों से भी कहा कि जिस अध्याय की पढ़ाई होगी उसके एक दिन पहले वह सभी उस अध्याय की तैयारी घर से करके आये। अंत में उन्होनें सभी बच्चों को आने वाली परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढऩे को कहा। गौरतलब है कि कलेक्टर डॉ.सिद्दकी द्वारा लगातार जिले के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण कर बच्चों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कलेक्टर द्वारा लगातार यह महती प्रयास किया जा रहा है ताकि स्कूली शिक्षा में नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नाम राज्य स्तर पर सबसे ऊपर हो।





राज्य वित्त आयोग का जिले में स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित



 *राज्य वित्त आयोग का जिले में स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित*

*राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री सरजिंयस मिंज ने स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों से की चर्चा*

*श्री मिंज ने वित्त आयोग के पोर्टल और एप्प के बारे में दी जानकारी*

*निकाय के प्रतिनिधियों ने दिए अपने सुझाव*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जनवरी 2023/ नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पालिका सभाकक्ष में आज छत्तीसगढ़ राज्य वित्त आयोग का स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम में चतुर्थ राज्य वित्त आयोग के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। जिनमें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री सरजिंयस मिंज, सचिव श्री सतीश पाण्डेय, संयुक्त सचिव श्री जे.एस.विरदी, अनुसंधान अधिकारी सुश्री पायल गुप्ता, निज सचिव श्री एम.एन.राजूकर उपस्थित रहे। इसके अलावा सारंगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, उपाध्यक्ष श्री रामनाथ सिदार, सारंगढ़ मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष गायकवाड़, विधायक प्रतिनिधि श्री अजय बंजारे, समस्त वार्ड पार्षद, एल्डरमैन एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
           संवाद कार्यक्रम के दौरान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री सरजिंयस मिंज ने कहा कि आयोग सभी स्थानीय निकायों के सहयोग के लिए तत्परता से काम करता है, श्री मिंज ने आयोग के पोर्टल और एप्प के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें निकाय बेहतर तरीके से अपनी जानकारियाँ दर्ज करना सुनिश्चित करें, ताकि इससे राज्य सरकार को नगरीय निकायों को राशि स्वीकृत करने में आसानी हो सके। इसके अलावा श्री मिंज ने उपस्थित निकाय के प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को ध्यान से सुना एवं उनसे विस्तारपूर्वक चर्चा की।
          सचिव श्री सतीश पाण्डेय ने सर्वप्रथम सारंगढ़ नगर पालिका के कार्यों की समीक्षा करते हुए नगर पालिका द्वारा दी गई जानकारियों की प्रशंसा की एवं दिए गए आंकडों में पेंशन, पेयजल और कचरा संग्रहण से प्राप्त राशि संबंधी जानकारी में आंकड़ों संबंधी त्रुटि को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्री पाण्डेय ने निकाय के वित्तीय प्रबंधन से संबंधित संशोधन या सुधार हेतु सुझाव हेतु पू़छा जिस पर निकाय के सदस्यों से अपना मत रखा। जिस पर निकाय के सदस्यों ने निकाय से जुड़े शासकीय भूमि एवं नजूल भूमि को स्वयमेव बिना शासकीय हस्तक्षेप के निकाय को आबंटित करने हेतु सुझाव दिया ताकि दुकान हेतु आबंटित कर निकाय के राजस्व में वृद्धि हो सके। इसके अलावा जुआ एक्ट में कार्यवाही से प्राप्त राशि, चुंगीकर में वृद्धि, यात्री बसों को दी जाने वाली सुविधाओं से प्राप्त राशि, बाजार कर की अनुमति, विद्युत पोलों पर सम्पति कर आरोपित करने, मुद्रांक शुल्क की राशि प्राप्त करने इन विषयों पर सदस्यों ने अपने सुझाव दिए।  
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री मिंज ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनने के पश्चात कहा कि हमें यह ध्यान रखना होगा कि जुआ एक्ट में की गई कार्यवाही से प्राप्त राजस्व से समाज में यह संदेश न जाए कि जुआ को और अधिक प्रोत्साहन मिले। इसके अलावा शासकीय भूमि के आबंटन संबंधी सुझाव के बारे में कहा कि शहरी विकास सिर्फ  दुकानों से नहीं होती है, हम लोगों की सुख-सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखना होगा, नागरिक सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर ऐसा होना चाहिए जिसमें आवाजाही में कोई बाधा न हो, उसी प्रकार से बच्चों के खेलकूद के लिए मैदान एवं गार्डन की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने दूसरे देशों की व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ वे बड़े सुव्यवस्थित तरीके से हर क्षेत्र में सभी चीजों की व्यवस्था करते हैं एवं बड़ी मात्रा में पौधरोपण भी करते हैं। नगरीय निकायों को इन विषयों का ध्यान रखना चाहिए।


जाति प्रमाण पत्र सत्यापन कार्यों में लाएं तेजी-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

 *जाति प्रमाण पत्र सत्यापन कार्यों में लाएं तेजी-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी*

*धान खरीदी कार्यों के भौतिक सत्यापन करने खाद्य विभाग को दिए निर्देश*

*कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आगामी 26 जनवरी की विभागवार आबंटित ड्यूटी के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन अधिकार पत्र ग्राम को आदर्श ग्राम में चयनित करने हेतु चिन्हांकित गाँवों के बारे में सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया और नरेगा के अंतर्गत काम मिलना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खाद्य विभाग को पंजीयन एवं बिक्री संबंधित जांच करने के निर्देश दिए एवं कृषि विभाग को मिलेट्स और तिलहन की खेती हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने को कहा।
        कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन मजदूर न्याय योजना अंतर्गत अर्ह किसानों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में विशेष ध्यान देकर इस पर कार्य करें। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र सत्यापन कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य में तेजी लाने को कहा। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने धान खरीदी कार्यों की समीक्षा करते हुए कुल धान खरीदी एवं उठाव संबंधी जानकारी ली, संबंधित अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 98 प्रतिशत धान खरीदी का कार्य हो चुका है एवं 94 प्रतिशत लोगों ने धान विक्रय कर लिया है। उन्होंने शत-प्रतिशत रकबा समर्पण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत हो रहे जांच एवं लैब टेस्ट की जानकारी ली और कृषि विभाग को गोमूत्र की बिक्री पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
           कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर योजना, वन अधिकार पत्र, कृष्ण कुंज, गोधन न्याय योजना, राजीव युवा मितान क्लब, पैरादान, हाट-बाजार, स्वामी आत्मानंद स्कूल, रामायण मंडली, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, विवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, टीबी कुष्ट रोग जाँच एवं निवारण अभियान, कुपोषित बच्चों को गर्म भोजन, राजीव गाँधी भूमिहीन किसान योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पांडे तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल एवं स्निग्धा तिवारी, एसडीएम मोनिका वर्मा सहित जिला स्तरीय उपस्थित रहे।




सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में शुरू हुआ सिजेरियन प्रसव

 *सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में शुरू हुआ सिजेरियन प्रसव*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जनवरी 2023/ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में सिजेरियन प्रसव का कार्य प्रारंभ हुआ ही था कि नव जिला गठन के साथ ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण जशपुर जिला हो गया। कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एफ.आर.निराला के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में एक बार फिर सिजेरियन प्रसव कराने का कार्य होने लगा। आज सिजेरियन प्रसव डॉ.आर.एल सिदार (सर्जरी विशेषज्ञ), डॉ.राकेश साहू (सर्जरी विशेषज्ञ), डॉ भागेश पटेल (निश्चेतना विशेषज्ञ), डॉ रामजी शर्मा (चिकित्सा अधिकारी) की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। उक्त सुविधा होने से क्षेत्रवासियों को जटिल प्रसव के लिए रायगढ़, उड़ीसा जाना नहीं पड़ेगा जिससे समय एवं धन की बचत होगी, साथ ही जान-माल की हानि होने की संभावना नहीं रहेगी। सिजेरियन प्रसव हेतु 16 जनवरी 2023 को जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री नंदलाल इजारदार के द्वारा ऑपरेशन थिएटर एवं अन्य आवश्यक उपकरण व सामग्रियों को व्यस्थित कराया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने क्षेत्रवासियों को समस्त प्रकार के प्रसव शासकीय अस्पताल में कराने हेतु अपील की।



Tuesday, January 24, 2023

पीएम आवास योजना से बदल रही गांवों की तस्वीर

 *पीएम आवास योजना से बदल रही गांवों की तस्वीर*

*बोड़ा, बिलाईगढ़ निवासी गनेशी बाई पक्के मकान में बिता रहीं अब खुशहाल जीवन*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जनवरी 2023/ जिले के विकासखण्ड बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत बोड़ा में निवासरत गनेशी बाई को पीएम आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत वर्ष 2018-19 में पक्का आवास स्वीकृत हुआ। योजना का लाभ मिलने से पहले गनेशी बाई कच्चे मकान में जैसे-तैसे गुजर-बसर कर रही थी। उन्होंने बताया कि मकान कच्चा होने से बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बारिश में उनका मकान क्षतिग्रस्त तो होता ही था और साथ में घर की दीवारों में पानी का रिसाव होने से पूरे घर में नमी बनी रहती थी। साथ ही दीवार जर्जर होने के कारण जहरीले कीड़ों और सांप की समस्या भी होने लगी थी। इन सब समस्याओं से अब उन्हें निजात मिल गई है। योजना का लाभ मिलने से गनेशी बाई बहुत ही खुश हैं। उन्होंने कहा कि पक्का आवास बन जाने से अब मौसम की चिंता भी नहीं रहती है। अब वे निंश्चित होकर अपने पक्के मकान में रहती हैं और योजना का लाभ पाकर उन्होंने शासन को धन्यवाद ज्ञापित की है।



कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

*दिव्यांगों के ट्राइसाइकिल संबंधी आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के दिए निर्देश*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर गंभीरतापूर्वक उनकी शिकायतें, समस्याएं सुनी एवं निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन में आज बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर के समक्ष आवेदन किए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने समाज कल्याण विभाग को प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम सोनभद्र तहसील बरमकेला निवासी 20 वर्षीय दीपक प्रधान जो पैरों से दिव्यांग हैं, उन्होंने दिव्यांग पेंशन दिलाने हेतु आवेदन किया था। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदन पर सीईओ को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम छोटे खैरा सारंगढ़ निवासी युवराज निराला ट्राई साइकिल की मांग को लेकर आए हुए थे एवं ग्राम होलधरपाली सारंगढ़ निवासी रामाधार नारंग अपने पुत्र क्रिश नारंग जो लोकोमोटर विकलांग की श्रेणी में आता है उसके लिए व्हीलचेयर एवं पेंशन हेतु आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने उक्त आवेदनों पर समाज कल्याण विभाग को निराकरण करने के निर्देश दिए।
           ग्राम पंचायत बरदुला सारंगढ़ स्थित नजूल भूमि को विक्रय कर देने के संबंध में जांच हेतु ग्रामवासियों द्वारा आवेदन किया गया था, उक्त आवेदन पर कलेक्टर ने एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत टाटा की रेखा साहू राशन कार्ड संबंधी समस्या लेकर आई थी। उक्त आवेदन पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देशित किया। खाद्य विभाग द्वारा मौके पर संबंधित आवेदक का राशन कार्ड संबंधी समस्या का निराकरण किया गया जिस पर रेखा साहू ने कलेक्टर का धन्यवाद किया। इसके अलावा ग्राम टॉड़ीपार, सारंगढ़ के ग्रामवासियों ने गाँव में सहकारी उचित मूल्य की दुकान में नेटवर्क की समस्या से अवगत कराते हुए आनलाइन एंट्री न हो पाने की समस्या बताई और ऑफलाइन सुविधा प्रदान करने हेतु निवेदन किया। कलेक्टर ने खाद्य विभाग को जाँच करने के निर्देश दिए। मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण की राशि दिलाए जाने हेतु चंवरपुर, सारंगढ़ के हितग्राहियों ने आवेदन किया था। ग्राम मुच्छमल्दा, भटगांव निवासी चैनदास एवं उनके भाई जो संयुक्त खाते से धान की बिक्री करते हैं, उन्होंने धान बिक्री की अनुमति संबंधी समस्या लेकर आए थे, कलेक्टर ने तहसीलदार को जाँच करने के निर्देश दिए। ग्राम नगरदा, बिलाईगढ़ निवासी श्रीमती गौरी कुर्रे ने प्राकृतिक आपदा की राशि प्रदान करने हेतु आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम बिलाईगढ़ को जांच करने के निर्देश दिए। 
      जनदर्शन में कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें वन अधिकार पत्र, विधवा पेंशन, अंत्योदय राशन कार्ड, संपत्ति बंटवारा संबंधी आवेदन एवं धान खरीदी समस्या संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने संबंधित विभाग को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।



Sunday, January 15, 2023

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी और सीईओ श्री मिश्रा ने रीपा योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी और सीईओ श्री मिश्रा ने रीपा योजना के कार्यों का किया निरीक्षण*

*सहजपाली और कंडोला गौठान में रीपा योजनांतर्गत कार्यों को समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 जनवरी 2023/ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना' के अंतर्गत सभी जिलों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण किया जा रहा है, इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने की कवायद जारी है। गौठानों में वर्मीकम्पोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, कृषि उत्पादों और वनोपजों के प्रसंस्करण एवं ग्रामोद्योग संबंधी कार्य किये जाने हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को रोजगार और आय के अवसर प्रदान करने की सरकार की मंशा है।
       इसी क्रम में रीपा योजना अंतर्गत प्रत्येक विकासखण्ड में 2 रीपा गौठान स्थापित किया जाना है। बरमकेला विकासखण्ड का सहजपाली गौठान और कंडोला गौठान रीपा के योजनागत कार्यों हेतु चयनित है। उक्त गौठानों के निरीक्षण हेतु कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी एवं रायगढ़ जिला पंचायत सीईओ श्री अबिनाश मिश्रा बरमकेला प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने गौठान समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सिलसिलेवार समीक्षा की एवं रीपा अंतर्गत प्रस्तावित योजनागत कार्यों का जायजा लिया। सहजपाली गौठान में शेड निर्माण किया जा रहा है जिसमें क्रमश: थैला(कैरी बैग) बेकरी एवं मछली पालन का कार्य लिया जाना है। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने इन कार्यों को जनवरी माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कंडोला गौठान में थैला (कैरी बैग) पेवर ब्लॉक और सीमेंट पोल हेतु शेड निर्माण का कार्य जारी है जो आगामी दिनों में पूरा हो जाएगा एवं गोबर पेंट हेतु एक ईकाई बनाने का कार्य लेने की योजना है, कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने इन कार्यों को आगामी 26 जनवरी के पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों को कहा कि इन गौठानों को जिले के मॉडल गौठान की तरह विकसित किया जाना है, इसलिए सभी गंभीरता से कार्य करते हुए समय-सीमा का ध्यान रखें। उक्त निरीक्षण के दौरान बरमकेला जनपद सीईओ श्री नीलाराम पटेल, कृषि विस्तार अधिकारी एवं गौठान समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




तिलहन फसलें आज के समय की एक बड़ी जरूरत-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

 *तिलहन फसलें आज के समय की एक बड़ी जरूरत-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी*

*कलेक्टर डॉ.सिद्दकी एवं सीईओ श्री मिश्रा पहुंचे बरमकेला*

*बरमकेला स्थित खपरापाली गांव में सरसों की खेती का किया निरीक्षण*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी द्वारा जिले के किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने एवं फसलों के चक्रीकरण हेतु कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को शासन की योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन करते हुए हितग्राहियों को जमीनी स्तर पर लगातार आवश्यक मार्गदर्शन दिए जा रहा है, इसके साथ ही दलहन-तिलहन फसलों को लेकर किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी एवं रायगढ़ जिला पंचायत सीईओ श्री अबिनाश मिश्रा सरसों की खेती का निरीक्षण करने बरमकेला के खपरापाली गाँव पहुंचे। खपरापाली गाँव में सरसों वृहद कार्यक्रम अंतर्गत 132 एकड़ क्षेत्रफल में सरसों की खेती की जा रही है, सरसों की इस खेती में गाँव के लगभग 65 किसान जुड़े हुए हैं।
           गौरतलब है कि बरमकेला विकासखण्ड में तिलहन एवं दलहन की फसलें प्रमुखता में ली जाती हैं, इसमें मुख्य रूप से सरसों एवं रागी की फसलें ली जाती हैं, साथ ही अभी आने वाले समय में बरमकेला में कुल 200 एकड़ क्षेत्रफल में रागी की फसल लेने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सरसों की फसल के संबंध में कहा कि सरसों की खेती से खाद्य तेल हेतु आत्मनिर्भरता को हासिल किया जा सकता है, साथ ही मिट्टी में नमी बनाए रखते हेतु भी तिलहन फसलें अति आवश्यक हैं, गेहूं व धान की खेती के बजाय तिहलन फसलों की ओर जाना आज के समय की मांग है।
           वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने इस वर्ष की फसल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरसों की पैदावार में पिछले साल की अपेक्षा वृद्धि देखने को मिली है जो निश्चित रूप से आने वाले समय में तिलहन फसलों को लेकर किसानों को प्रोत्साहित करेगा। उक्त निरीक्षण के दौरान बरमकेला जनपद सीईओ श्री नीलाराम पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ग्राम खपरापाली एवं अन्य विभागीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

*एक तिहलन फसल के रूप में सरसों*
उत्पादन और क्षेत्रफल के दृष्टिकोण से देखा जाये तो खाद्य तेल के रूप में प्रयोग होने वाली फसलों में सरसों प्रमुख तिलहन फसलों में से एक हैं। सरसों की फसल कम पानी की दशा में पककर अच्छा मुनाफा देने वाली खेती में से एक है। सरसों के हरे पौधे से लेकर सूखे तने, शाखायें और बीज उपयोग में आते है। इसकी कोमल पत्तियों का साग के रूप में प्रयोग किया जाता है। इसके बीज में 37 से 47 प्रतिशत तक तेल पाया जाता है। सरसों के तेल के साथ ही उसकी खली और यहां तक कि सरसों की कटाई उपरांत खेत में शेष रह जाने वाली उसकी लकड़ी भी अच्छी कीमत पर बिक्री हो जाती है।





पीएम आवास ने पूरा किया फूलचंद के पक्के मकान का सपना

 *पीएम आवास ने पूरा किया फूलचंद के पक्के मकान का सपना*
 
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 जनवरी 2023/ ग्राम सिंघनपुर सारंगढ़ निवासी श्री फूलचंद वर्मा पहले कच्चे मकान में रहते थे। जो जीर्ण-शीर्ण स्थिति में था और पक्के मकान का निर्माण करने लायक उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। इसी बीच जनपद पंचायत के पदाधिकारियों से उन्हें पीएम आवास योजना के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी अनुसार उन्होंने आवास के लिए आवेदन किया था। तत्पश्चात इस योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग एवं स्वयं की जमा पूंजी मिलाकर उन्होंने अपने लिए पक्का मकान का निर्माण कराया। फूलचंद के  बरसों का सपना पक्का मकान हो अपना को साकार किया पीएम आवास योजना ने। 
        67 वर्षीय फूलचंद ने बताया कि उनका कच्चा मकान बहुत पहले का बना हुआ था। मकान इतना पुराना हो चुका था कि अब वह कुछ मरम्मत कर ठीक होने की स्थिति में नहीं था, साथ ही मिट्टी के इस मकान में बहुत सी समस्याएं भी थी। दीवार में टूट-फूट के अलावा चूहों ने बड़े-बड़े बिल बना दिए थे, जिस कारण से आए दिन जहरीले कीड़ों और सांप की समस्या भी होने लगी थी। आवास के लिए अब पक्का मकान बनाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प शेष नहीं था। फूलचंद को एक पक्के मकान की महती जरूरत थी, उनकी इस आवश्यकता की पूर्ति पीएम आवास योजना के माध्यम से पूरी हुई। साथ ही उन्होंने बताया कि मकान निर्माण के दौरान मजदूरी की राशि भी उन्हें समय पर प्राप्त हुई। उन्होंने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।



श्यामलाल का पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार

 *श्यामलाल का पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार*

*पीएम आवास योजना से प्राप्त राशि के सहयोग से बनाया अपना मकान*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 जनवरी 2023/ आज के समय में हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक व्यवस्थित आशियाना हो जिसमें वह सुकून से अपने परिवार के साथ गुजर बसर कर सके। ऐसा ही सपना ग्राम बांसउरकुली, बिलाईगढ़ निवासी श्यामलाल का रहा, जो पीएम आवास योजना के जरिए हकीकत में साकार हु।
         श्यामलाल मिट्टी के जर्जर मकान में कई सालों से रहते आए हैं, छप्पर की छत होने की वजह से उस मकान में बरसात के मौसम में पानी रिस कर आता था, जिससे उन्हें रहने में भारी समस्या होती थी। श्याम लाल ने बताया कि वे पेशे से मजदूर है और घर में जब बरसात के मौसम में पानी टपकता था तो उस वजह से कभी नींद भी पूरी नहीं हो पाती थी, नींद पूरी न होने की वजह से मजदूरी का काम भी बहुत अधिक प्रभावित होता था। इन सब कारणों की वजह से लंबे समय से उनका सपना रहा कि स्वयं का एक पक्का मकान बनाया जाए लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे ऐसा नहीं कर पा रहे थे। उन्हें पीएम आवास योजना के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने अपना पक्का मकान बनाने का सपना साकार किया। अब वे निश्चिंत होकर परिवार के साथ स्वयं के मकान में रहने लगे हैं। श्यामलाल ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पीएम आवास योजना से आर्थिक तंगी से गुजर रहे उन लोगों को भी अपना आशियाना बनाने का मौका मिल रहा है जो मिट्टी के जर्जर मकानों में रह रहे थे।



राज्य स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों में जिले के खिलाडिय़ों ने जीते 4 पदक

 *राज्य स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों में जिले के खिलाडिय़ों ने जीते 4 पदक*

*खिलाडिय़ों ने 2 स्वर्ण एवं 2 कांस्य पदक सहित कुल 4 पदक जीते*

*बिलाईगढ़ क्षेत्र के खिलाडिय़ों का रहा दबदबा*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 जनवरी 2023/ छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2022-23 का राज्य स्तरीय आयोजन 8 से 10 जनवरी 2023 तक राजधानी रायपुर में संपन्न हुआ। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस आयोजन में पदक लाकर जिले का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के बिलाईगढ़ अंचल के खिलाडिय़ों का एकतरफा दबदबा रहा। जिले को कुल 4 पदक प्राप्त हुए, जिसमें दो स्वर्ण पदक एवं दो कांस्य पदक थे और ये चारों विजेता खिलाड़ी बिलाईगढ़ अंचल के रहे। कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को जीत की शुभकामनाएँ दी हैं।
          ज्ञात हो कि 18 से 40 वर्ष वर्ग 100 मीटर दौड़ में आर्यन भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी क्रम में लंबी कूद 40 वर्ष से अधिक वर्ग में दिनेश कुमार साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को स्वर्ण पदक दिलाया। 100 मीटर दौड़ 40 वर्ष से अधिक वर्ग में प्रहलाद केवट ने कांस्य पदक हासिल किया एवं लंबी कूद 18 से 40 वर्ष वर्ग में राजा लहरे ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।



कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में की चर्चा

 *कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में की चर्चा*

*सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में होगा गणतंत्र दिवस का आयोजन*

*एसपी श्री कुकरेजा ने कार्यक्रम को सफल बनाने दिए आवश्यक सुझाव*

*कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक*
 
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जनवरी 2023/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में आगामी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को खेलभांठा मैदान में आयोजित होने वाले समारोह स्थल में बैठक व्यवस्था, टेंट, बांस-बल्ली एवं बैरिकेटिंग, आमंत्रण पत्र, एंबुलेंस व्यवस्था, ध्वजारोहण सहित अन्य आवश्यक कार्यों के संबंध में दायित्व सौंपा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सभी शासकीय भवनों में रोशनी की व्यवस्था करने एवं ध्वजारोहण के लिए खादी ग्रामोद्योग द्वारा निर्मित झण्डा फहराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी श्री राजेश कुकरेजा भी उपस्थित रहे। 
          कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए जनशिकायत/पीजीएन/सीपीग्राम के पोर्टल में लंबित आवेदनों को प्राथमिकता में लेकर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में जन शिकायत निवारण विभाग द्वारा दिए गये दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराया एवं जिन विभागों के अधिकारियों द्वारा लंबित आवेदनों की संख्या अधिक है उन्हें यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र की प्रगति रिपोर्ट मांगी। साथ ही जो पात्र हैं उनकी एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों ने एंट्री की संख्या कम होने को लेकर आईडी की कमी से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने आईडी और आपरेटर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि शीघ्रता से पोर्टल में आवेदनों की एंट्री सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सभी उपस्थित सीईओ को महिला स्व-सहायता समूह की सूची बनाने के निर्देश दिए ताकि जिले के चिन्हित पर्यटन स्थलों में उन्हें जोड़कर कैफेटेरिया का संचालन कराया जा सके। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने वन अधिकार पत्र, कृष्ण कुंज, नरेगा, आंगनबाड़ी, गोधन न्याय योजना, धान खरीदी, गोबर खरीदी, पैरादान, रीपा, गोबर पेंट, मिलेट्स फसल, राजीव युवा मितान क्लब, छात्रावास में किचन गार्डन, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, राजीव गाँधी भूमिहीन किसान योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
        बैठक में एसपी श्री कुकरेजा ने कहा कि नवनिर्मित जिले में पहली बार गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह आयोजन बहुत अच्छे तरीके से संपन्न हो, जिससे उपस्थित जिले के जनसामान्य को भी गर्व महसूस हो। एसपी कुकरेजा ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के संबंध में जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों को मोटरसाइकिल चलाते वक्त हेलमेट लगाने एवं अपने आसपास के लोगों को भी हेलमेट लगाने के लिए प्रोत्साहित कर यातायात जागरूकता के इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। 
       इस अवसर पर अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल और डॉ स्निग्धा तिवारी, एसडीएम श्री के.एल.सोरी और मोनिका वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। 
*कलेक्टर एवं एसपी ने आगामी गणतंत्र तैयारियों के संबंध में खेलभांठा मैदान का किया निरीक्षण*
कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी एवं एसपी श्री राजेश कुकरेजा ने आज आगामी गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में सारंगढ़ स्थित खेलभांठा मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गाडिय़ों की पार्किंग, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, मार्च पास्ट, झंडोतोलन, बैरिकेटिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उक्त निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग, एसडीएम मोनिका वर्मा, समस्त तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





Tuesday, January 10, 2023

ग्राम घोठला छोटे में भू-अर्जन प्रकरण में प्रभावित कृषकों को मिला मुआवजा

 *ग्राम घोठला छोटे में भू-अर्जन प्रकरण में प्रभावित कृषकों को मिला मुआवजा*

*गाँव में शिविर का आयोजन कर 23 कृषकों को 51 लाख 76 हजार रूपए की राशि का वितरण किया गया*

 सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जनवरी 2023/ आज साराडीह बैराज अंतर्गत ग्राम घोठला छोटे के पंचायत भवन में पूरक भू-अर्जन प्रकरण में प्रभावित कृषकों को मुआवजा राशि का वितरण किए जाने हेतु शिविर का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में ग्राम घोठला छोटे के कुल 23 कृषकों को भू-अर्जन की राशि लगभग 51 लाख 76 हजार 497 रुपए की राशि चेक के माध्यम से वितरित किया गया। उक्त शिविर में वृद्ध, नि:शक्त हितग्राहियों को उनके गांव में ही जाकर मुआवजा राशि का वितरण किया गया। इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सारंगढ़ मोनिका वर्मा द्वारा ग्राम घोठला छोटे शिविर आयोजन के दौरान स्थानीय जन समूह से मुलाकात कर ग्राम की आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी लिया गया एवं संबंधित विभागों को समस्याओं के निदान हेतु निर्देशित किया गया। शिविर के माध्यम से लाभान्वित कृषकों को गांव में ही मुआवजा राशि का चेक प्राप्त होने से उनमें अपार हर्ष एवं खुशी व्याप्त है। उक्त शिविर में ग्राम पंचायत घोठला छोटे के सरपंच, सचिव एवं कोटवार ने समन्वय स्थापित कर इस शिविर को सफल बनाया।





सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्राकृतिक पेंट से हो रहा सरकारी भवनों का रंग रोगन

 *सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्राकृतिक पेंट से हो रहा सरकारी भवनों का रंग रोगन*

*गोबर से निर्मित पेंट से एसडीएम कार्यालय में किया गया रंग रोगन का कार्य* 

*दीवारों को गर्मी में गर्म होने से भी बचाती है और तापमान नियंत्रित करती है प्राकृतिक पेंट*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जनवरी 2023/ आज के तेजी से बदलते परिवेश में केवल शहर ही नहीं बल्कि कस्बों और गांवों में भी अब लोग अपने घरों में पेंट और डिस्टेंपर लगवाना चाहते हैं। बाजार में उपलब्ध रासायनिक पेंट लोगों के जेब के साथ साथ पर्यावरण और  स्वास्थ्य पर भी असर डालती है। इसी बात को ध्यान में रखकर माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा सभी शासकीय विभाग, निगम, मंडल एवं स्थानीय निकायों में भवनों के रंग रोगन के लिए गोबर पेंट का उपयोग अनिवार्यतः करने का निर्देश दिया गया था। उक्त निर्देश का पालन जिले में भी शुरु हो गया है, कलेक्टर डाॅ फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में सारंगढ़ के अनुविभागीय कार्यालय में गोबर पेंट से पूरे भवन में रंग रोगन का कार्य किया गया है।
इस प्राकृतिक गोबर पेंट की कीमत बाजार में उपलब्ध रासायनिक पेंट से कम है। साथ ही गोबर से निर्मित होने के कारण रासायनिक पेंट की तुलना में इसमें वैसी महक भी नहीं आती है जिससे यह पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए अनुकूल है। बाजार में मिलने वाले अधिकतर पेंट में ऐसे पदार्थ और हैवी मेटल्स मिले होते है जो हमारे स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं गोबर से निर्मित पेंट प्राकृतिक पदार्थों से मिलकर बनता है इसलिए इसे प्राकृतिक पेंट भी कहते है। केमिकल युक्त पेंट की कीमत 350 रुपए प्रति लीटर से शुरू होती है पर गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेंट की कीमत 150 रुपए से शुरू है। गोबर से बने होने के कारण इसके बहुत से फायदे भी है जैसे यह पेंट एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल है साथ ही घर के दीवारों को गर्मी में गर्म होने से भी बचाती है और तापमान नियंत्रित करती है।

*ऐसे तैयार होता है गोबर से प्राकृतिक पेंट*

प्राकृतिक पेंट बनाने के लिये गोबर को पहले मशीन में पानी के साथ अच्छे से मिलाया जाता है फिर इस मिले हुए घोल से गोबर के फाइबर और तरल को डी-वाटरिंग मशीन के मदद से अलग किया जाता है। इस तरल को 100 डिग्री तापमान में गरम करने से बने अर्क को पेंट के बेस की तरह इस्तेमाल किया जाता है। जिसके बाद इसे प्रोसेस कर पेंट तैयार होता है। गोबर से प्राकृतिक पेंट के निर्माण का मुख्य घटक कार्बाेक्सी मिथाइल सेल्यूलोज (सीएससी) होता है। सौ किलो गोबर से लगभग 10 किलो सूखा सीएमसी तैयार होता है। कुल निर्मित पेंट में 30 प्रतिशत मात्रा सीएमसी की होती है।  









कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक* *वर्मी कम्पोस्ट के रख रखाव एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने के दिए निर...