Saturday, December 31, 2022

ग्राम अमलीपाली-ख में विकासखंड स्तरीय आयुष मेला सम्पन्न

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 दिसम्बर 2022/ छत्तीसगढ़ शासन आयुष विभाग के निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ.बी.आर.पटेल के मार्गदर्शन एवं संयोजक अधिकारी डॉ.के.एस.पटेल के निर्देशानुसार विकासखंड सारंगढ़ के ग्राम अमलीपाली-ख में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर संपन्न हुआ। जिसमें कुल 415 रोगी लाभान्वित हुए, जिनमें 325 मरीजों का एनसीडी जांच किया गया एवं 158 मरीजों का पैथोलॉजी जांच भी किया गया। उक्त शिविर में संयोजक अधिकारी के द्वारा ऋतुचर्या, दिनचर्या, खान-पान, रहन-सहन की जानकारी जनसामान्य को दी गई। इस शिविर में डॉ.बी.आर.पटेल,डॉ.एस.बी.यादव, डॉ.वाय.के.स्वर्णकार, डॉ.आर.बी.पाणिग्राही,डॉ.आर.पी.सेन, फार्मासिस्ट, जगदीश सिदार, भरत लाल बरिहा, सखाराम निराला, नरेश पटेल, श्यामराज चंद्रा, सेतु कुमारी चौहान, पद्मिनी पटेल उपस्थित थे। इनके अलावा सालर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लीना साहू, छातादेही की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी चित्रलेखा साहू, एमएलटी श्री नेत्रराम पटेल एवं श्री रोशन सिदार का सहयोग सराहनीय रहा।





कलेक्टर के निर्देश पर दिव्यांग को तत्काल मिला अंत्योदय राशन कार्ड

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर कार्यालय में ग्राम सुवाताल, ग्राम पंचायत हिर्री, सारंगढ़ के निवासी नरसिंह कुमार रात्रे अंत्योदय कार्ड बनाने हेतु जिला कार्यालय आए थे। नरसिंह पैर से दिव्यांग हैं, उन्होंने अपनी नि:शक्त्ता बताते हुए कलेक्टर के समक्ष आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.फरिहा सिद्दकी ने खाद्य विभाग के अधिकारी को प्राथमिकता से अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड प्रदान किया गया। नरसिंह कुमार ने राशन कार्ड बनने पर खुशी जाहिर करते हुए कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। गौरतलब है कि दिव्यांगजन अपनी समस्याओं को लेकर जिला कार्यालय आते रहते हैं, चाहे वह वृद्धावस्था पेंशन का मामला हो, राशन कार्ड संबंधी समस्या हो या फिर ट्राइसाईकिल की माँग हो, इन सब मामलों में कलेक्टर डॉ.सिद्दकी द्वारा मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं को हमेशा से पहली प्राथमिकता में लेकर उस पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है।



जिले के प्रभारी सचिव श्री निरंजन दास ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

 *जिले के प्रभारी सचिव श्री निरंजन दास ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण*

*गोदामों में खाद्यान्न के उचित रख-रखाव के दिए निर्देश*

*सारंगढ़ स्थित उचित मूल्य दुकानों का किया निरीक्षण*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 दिसम्बर 2022/ जिले के प्रभारी सचिव श्री निरंजन दास आज एक दिवसीय प्रवास पर सारंगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने धान खरीदी केंद्रों और उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी भी इस दौरान उपस्थित रही। 
        प्रभारी सचिव श्री दास गोड़म स्थित धान खरीदी केन्द्र और सारंगढ़ के धान खरीदी केन्द्र टीसीपीसी पहुंचे। यहां लक्ष्य के विरुद्ध खरीदी और उठाव की जानकारी ली। उन्होंने खाद्य अधिकारी को धान का जल्द उठाव करवाने के निर्देश भी दिए। प्रभारी सचिव श्री दास ने इस दौरान पॉस मशीन और वेट मशीन को भी देखा। कोतरी के उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर वहां भी खरीदी का जायजा लिया। उन्होंने समिति में अब तक हुई खरीदी और राइस मिलर्स द्वारा उठाव की जानकारी ली। प्रभारी सचिव श्री दास जिले के तीन उचित मूल्य की दुकानों के निरीक्षण पर भी पहुंचे। उन्होंने सारंगढ़ स्थित दुकान नंबर 3, कोतरी पीडीएस दुकान और गोड़म में स्थित पीडीएस की दुकान का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव श्री दास ने यहां पॉस मशीन के संचालन और पर्चियों के वितरण के बारे में भी जानकारी ली। सदस्यों ने बताया कि निकलने वाली दोनों पर्चियों का वितरण किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने गोदामों में खाद्यान्नों के उचित रख-रखाव एवं स्टेकिंग नियमानुसार करने के निर्देश दिए। 
          उक्त निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोनिका वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत ध्रुव, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक श्री सूर्यकांत शुक्ला, डीएमओ मार्कफेड, फूड इंस्पेक्टर श्री विद्यानंद पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।






Friday, December 30, 2022

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सहकारी उचित मूल्य की दुकानों का किया निरीक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 से 15 की सहकारी उचित मूल्य की दुकान और वार्ड क्रमांक 13 की दुकान का निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 11 से 15 की दुकान शालू महिला एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित होता है एवं वार्ड क्रमांक 13 की दुकान माँ अग्नि ज्वाला समूह द्वारा संचालित किया जाता है। कलेक्टर ने दुकान संचालन करने वाले सदस्यों से पॉस मशीन से हितग्राहियों को चावल आबंटन की प्रक्रिया करवा कर देखा। निरीक्षण में उपस्थित फूड इंस्पेक्टर ने चावल की खरीदी भी किया। इसके अलावा कलेक्टर ने दुकान में चावल तथा एफआरके राइस के आबंटन के बारे में जानकारी ली। साथ ही दुकान से प्रदान की जाने वाले अन्य सामग्री नमक, शक्कर के आबंटन तथा स्टॉक के भौतिक सत्यापन की भी जानकारी ली एवं निरीक्षण पंजी में एंट्री की गई। उक्त निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत ध्रुव एवं खाद्य विभाग की टीम उपस्थित रही।





अवैध धान पर मंडी एक्ट के तहत कार्यवाही जारी

जिले में अब तक कुल 830 क्विंटल धान जप्त किया गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में जिले में धान खरीदी कार्यों में गड़बड़ी के संबंध में जांच एवं कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है। मंडी सचिव संग उडऩदस्ता की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही में सारंगढ़, बरमकेला और भटगांव मंडी समिति के अंतर्गत 28 दिसंबर तक कुल 27 प्रकरण बनाए जा चुके हैं जिसमें सारंगढ़ मंडी समिति अंतर्गत कुल 8 प्रकरण बनाए गए हैं जिसमें कुल 206.20 क्विंटल धान जप्त किया गया है। बरमकेला मंडी समिति अंतर्गत कुल 6 प्रकरण बनाए गए हैं जिसमें कुल 155.20 क्विंटल धान जप्त किया गया है। भगवान भटगांव मंडी समिति अंतर्गत कुल 13 प्रकरण बनाए गए हैं, जिसमें कुल 469.20 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इस तरह अब तक कुल 830 क्विंटल धान जप्त किया जा चुका है। ज्ञातव्य है कि जिले में धान खरीदी कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार मुस्तैद है, जांच एवं निगरानी के लिए बनाई गई उडऩदस्ता टीम लगातार गड़बड़ी एवं अव्यवस्था की जाँच कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।

कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने की धान खरीदी कार्यों की समीक्षा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने जिले के सभाकक्ष में धान खरीदी कार्यों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने धान की आवक और उठाव के बारे में जानकारी ली। उप पंजीयक सहकारिता विभाग ने जानकारी दी कि अब तक धान उपार्जन केंद्रों से 80 प्रतिशत धान खरीदी हो चुका है जो कि कुल रकबा का 72 प्रतिशत है। वहीं धान का उठाव 83 प्रतिशत तक हो चुका है। जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर 65 समितियों के अंतर्गत 82 धान ऊपार्जन केन्द्रों से कुल 81 हजार 265 पंजीकृत किसानों में से 64 हजार 646 किसानों से धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही 91 प्रतिशत धान का डीओ जारी हो चुका है एवं किसानों के खाते में कुल 470 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले में नागरिक आपूर्ति निगम के कुल 4 गोदाम हैं, नागरिक आपूर्ति निगम एवं एफसीआई द्वारा धान का उठाव किया जा रहा है। कलेक्टर ने इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों से आ रहे फर्जी धान पर कार्यवाही करने को कहा, इसके साथ ही शत प्रतिशत रकबा समर्पण करने के निर्देश दिए। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, खाद्य विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



30 दिसंबर को जिले में होगा पैरादान महाअभियान

खेत ले पैरा ला सकेलबो, गरूवा मन के जिंदगी ला बदलबो


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 दिसम्बर 2022/ किसानों को पैरादान से जोडऩे के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में शासन की बहुआयामी गोधन न्याय योजना के तहत जिले के समस्त गौठानों में पुन: 30 दिसंबर को पैरादान महाअभियान मनाया जाएगा। जिसके तहत अधिक से अधिक मात्रा में गौठानों में पैरादान किया जाएगा। पैरादान महाअभियान हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खेत ले पैरा ला सकेलबो गरूवा मन के जिंदगी ना बदलबो का नारा दिया गया है। गौरतलब है कि धान कटाई का कार्य अब समाप्ति की ओर है, ऐसे में कटाई के बाद बचने वाले पैरा को जलाने के बजाय गौठानों में दान करने के लिए प्रदेश सरकार के द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। इससे पूर्व समस्त जिले में 1 दिसंबर को भी पैरादान महाअभियान आयोजित किया गया था, ठीक उसी तरह इस महाअभियान को फिर से दोहराया जाएगा ताकि अधिक से अधिक मात्रा में गौठानों में पैरा संग्रहण किया जा सके। हालांकि अभी भी किसानों द्वारा लगातार पैरादान की प्रक्रिया जारी है लेकिन इस अभियान को और अधिक गति देने के लिए पुन: एक बार पैरादान महाअभियान किया जाएगा।




जिले के सभाकक्ष में अब प्रत्येक बुधवार को होगी समय-सीमा की बैठक

 कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली समय-सीमा की बैठक, मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

 

जिले के सभी छात्रावासों में किचन गार्डन बनाने के दिए निर्देश 


जिले के सभाकक्ष में अब प्रत्येक बुधवार को होगी समय-सीमा की बैठक

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी ली तथा उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सभी विभाग प्रमुखों को सूचित किया कि अब से प्रत्येक बुधवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक होगी, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभाग जिनके आफिस नवगठित जिले में नहीं हैं, उन्हें सूचित किया कि वे 7 जनवरी से पूर्व अपने ऑफिस की व्यवस्था जिले में करें एवं जो विभाग 2 जिलों के प्रभार में हैं वह दो से तीन दिन जिले में अपनी उपस्थिति देना सुनिश्चित करेंगे। 

        कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के संबंध में कहा कि जिन विषयों पर लोग बार-बार आवेदन लेकर आते हैं उस पर विशेष ध्यान दें अन्यथा संबंधित विभाग प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। कलेक्टर ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान कार्ड के आंकड़ों में बारे में पूछा एवं कार्डधारियों की संख्या बढ़ाने हेतु माइक्रो प्लान बनाकर समस्त सीईओ और सीएमओ के संयुक्त सहयोग से शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिए। साथ ही कुष्ठ एवं टीबी रोग की प्रगति के बारे में जानकारी ली, इसमें सीएमएचओ सारंगढ़ ने कुष्ठ एवं टीबी रोग के खोज अभियान में प्राप्त रोगियों की संख्या एवं उनके उपचार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवगठित सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिला देश में सबसे ज्यादा कुष्ठ रोग प्रभावित जिले में आता है। इसके पश्चात कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के फ्लैगशिप योजनाओं के संबंध में बताते हुए कहा कि संबंधित विभागों को उक्त योजनाओं के आंकड़े स्मरण होनी चाहिए एवं उन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जाति प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दो टूक कहा कि वे अपना कार्य तय समय पर पूरा करें। साथ ही यह बताया कि अभी कक्षा 7वीं से 12वीं के छात्रों का जाति प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है इसके पश्चात कक्षा पहली से पांचवी तक के छात्रों का जाति प्रमाण पत्र बनवाया जाएगा। 

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने आदिम जाति कल्याण विभाग से जिले में छात्रावासों की कुल संख्या की जानकारी लेते हुए सभी छात्रावासों में किचन गार्डन का निर्माण कराने के निर्देश दिए ताकि छात्रों के भोजन हेतु छात्रावास परिसर में ही शुध्द सब्जियाँ मुहैया कराया जा सके। इसके अलावा कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्य, आवर्ती चराई, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर योजना, कृष्ण कुंज, राजीव युवा मितान क्लब, सुपोषण अभियान, खाता विभाजन, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, गोधन न्याय योजना, धान खरीदी कार्य, गोबर खरीदी एवं वर्मी खाद निर्माण, राशन कार्ड, राम वनगमन पथ, रीपा, हाट-बाजार क्लिनिक योजना, राजीव गाँधी भूमिहीन किसान योजना आदि विषयों पर विभागवार चर्चा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर डॉ स्निग्धा तिवारी, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीईओ, सीएमओ सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





कोरोना से निपटने सारंगढ़ में चला मॉकड्रिल, जिला अस्पताल पहुंची कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

जिला अस्पताल कोविड की संभावित नई लहर से निपटने हेतु रहे मुस्तैद


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 दिसम्बर 2022/ कोरोना को लेकर राज्य के सभी जिला अस्पतालों में मॉक ड्रिल की जा रही है। वर्तमान में चीन, अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढऩे के बाद भारत में भी कोरोना वायरस के नए वेरिएंट बीएफ. 7 से निपटने की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने सारंगढ़ जिला अस्पताल पहुंचकर स्थितियों का जायजा लिया। केंद्र सरकार के निर्देश पर आज जिला अस्पताल, सारंगढ़ में मॉकड्रिल की गई। इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में कोरोना की तैयारियों जैसे मरीजों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता, ऑक्सीजन बेड से लेकर, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया, साथ ही उसकी क्षमता के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट से मैनीफोल्ड सेक्शन जहां ऑक्सीजन निर्माण करने के पश्चात उसे सिलेंडर में रखा जाता है, उस कक्ष की पड़ताल की। सीएमएचओ डॉ.एफ.आर.निराला ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर के कुल 2 प्लांट हैं जिसमें से एक सारंगढ़ और दूसरा बिलाईगढ़ में स्थित है। जिला अस्पताल सारंगढ़ की तैयारियों के बारे में बताते हुए कहा कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर और कंसेंट्रेटर की उपलब्धता है। अस्पताल में कुल पचास बेड की क्षमता है जिसमें से चालीस बेड में ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था है। मॉकड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डॉ.निराला ने कोविड के संभावित लहर के संबंध में स्टॉफ  को दिए दिशा-निर्देश

गौरतलब है कि कोरोना वायरस दुनिया के अनेक देशों में फिर से अपने पैर पसार रहा है। कोविड-19 महामारी अभी भी दुनिया भर में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में चुनौती बनी हुई है। इस हेतु जिले में कोविड-19 की तैयारियों को लेकर आज जिला अस्पताल में सीएमएचओ ने समस्त स्टॉफ  को कोरोना के इस नए वैरिएंट बीएफ. 7 के संबंध में जानकारी देते हुए इससे निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं कोरोना के नये वैरिएंट हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर प्राप्त दिशा-निर्देशों का उचित निर्वहन करने को कहा।

क्या है कोरोना का नया बीएफ 7 वैरिएंट

रिपोट्र्स की मानें तो बीएफ 7 ओमिक्रोन के अन्य सब-वेरिएंट्स से अधिक खतरनाक है। इसकी संक्रमण क्षमता ज्यादा है। बीएफ से संक्रमित व्यक्ति 10-18 लोगों को संक्रमित कर सकता है। अन्य वेरिएंट्स करीब 5 लोगों को संक्रमित कर सकते हैं। वेरिएंट का इंक्यूबेशन अवधि कम है। ये कहा जा रहा है कि इस वेरिएंट से उन लोगों को ज्यादा खतरा है, जिन्हें पहले कोरोना संक्रमण हुआ हो। नये वेरिएंट के मामलों की भारत में भी पुष्टि हो चुकी है। लक्षण की बात करें तो शरीर में दर्द इसका मुख्य लक्षण है। यदि किसी को लंबे वक्त से बदन दर्द हो रहा है, तो उसे कोविड टेस्ट करवाना चाहिए। साथ ही गले में खराश, थकान, कफ और नाक बहना भी इसके लक्षण हैं।






कोविड की आशंका को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 दिसम्बर 2022/ वर्तमान में विश्व के कई देशों जापान, अमेरिका, कोरिया, ब्राजील व चीन में कोविड-19 मरीजों की संख्या में उत्तरोतर वृद्धि दर्ज की गई है। कोविड-19 महामारी अभी भी दुनिया भर में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में चुनौती बनी हुई है। जिले में पूर्व के कोविड-19 लहरों में 35,964 पॉजिटिव मरीजों में 7,132 को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा जबकि 538 लोगों की मृत्यु हुई। यद्यपि कोविड का नया वेरिएंट बीएफ 7 काफी संक्रामक व तेजी से फैलने वाला वेरिएंट है। इस वैरिएंट से बचाव हेतु भारत सरकार से निर्देश प्राप्त हुए हैं। कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में सीएमएचओ सारंगढ़ ने इस संबंध में समस्त बीएमओ को निर्देशित किया है कि सभी तरह के जीवन रक्षक उपकरणों जैसे-वेंटिलेटर, मल्टी पैरामॉनिटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर की जांच कर उन्हें क्रियाशील रखें। पीएसए प्लांट पूर्ण रूप से क्रियाशील कर लिक्विड ऑक्सीजन, ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करें एवं ऑक्सीजन गैस पाइपलाइन की मरम्मत कराएं। चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ  को जीवन रक्षक उपकरणों को चलाने हेतु आवश्यक प्रशिक्षण तत्काल करावें। कोविड टीकाकरण के कम कवरेज वाले गांवों को चिन्हित कर जल्द से जल्द शत-प्रतिशत टीकाकरण करने, प्रथम व द्वितीय टीकाकरण को पूरा करने, साथ ही जिसने दोनों टीके लगा लिए हैं उन्हें बूस्टर डोज लगवाने के निर्देश दिए। अस्पताल में पहुंचने वाले सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षण वाले समस्त व्यक्तियों का रैपिड एंटिजन टेस्ट/आरटीपीसीआर टेस्ट कराना सुनिश्चित करें। कोविड पॉजिटिव व्यक्तियों को 7 दिन आइसोलेशन करने के निर्देश दिए। लोगों को भीड़ इक_ा ना करने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने, मास्क का प्रयोग करने व दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

दिव्यांग एवं वृद्धा पेंशन के मामलों का करें त्वरित निराकरण करें-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में आए दिव्यांग एवं वृद्धा पेंशन के मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए हैं। ग्राम पिपरडुला, सरसींवा निवासी शिव कुमार सोनी जनदर्शन में बकरी पालन हेतु ऋण के संबंध में आवेदन लेकर आए थे। इस संबंध में कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। भटगांव नगर पंचायत में कार्यरत कर्मचारी अक्षय कुमार ने ईपीएफ राशि न मिलने के संबंध में कलेक्टर के समक्ष आवेदन किया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने उक्त आवेदन के निराकरण हेतु सीएमओ भटगांव को जांच करने एवं संबंधित कर्मचारी को शीघ्र ईपीएफ राशि दिलाये जाने के संबंध में निर्देश दिए। दीर्घकालीन पूर्वजों के समय से मकान बनाकर रह रहे भूमि का भूमि स्वामी अधिकार पत्र/पट्टा दिलाए जाने हेतु कोसिर के आवेदक भूमिस्वामियों ने आवेदन किया, इस संबंध में एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के संबंध में आए हितग्राहियों को कलेक्टर ने अवगत कराया कि अभी वर्तमान में आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके अलावा सारंगढ़ में वर्ष 1954 से प्रति वर्ष 26 जनवरी से 3 फरवरी तक अमर शहीदों की याद में हो रहे गणतंत्र मेला की अनुमति हेतु आवेदन किया गया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर अनुमति प्रदान करने के निर्देश दिए। ग्राम छोटे गन्तुली सारंगढ़ की लक्ष्मनी यादव पति उम्र 63 वर्ष जो अत्यंत निर्धन परिवार से हैं, उन्होंने शासन की योजना के अंतर्गत वृद्धा पेंशन दिलाने हेतु आवेदन किया, उक्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। छत्तीसगढ़ भू-राजस्व की धारा 250 के तहत बेदखली के आदेश जारी करवाने के संबंध में टीकाराम साहू ग्राम बम्हनपुरी, राजस्व निरीक्षक मंडल-भटगांव, तहसील बिलाईगढ़ के निवासी ने आवेदन किया, इस संबंध में कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने बिलाईगढ़ तहसीलदार को जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम छतौना निवासी हरिसिंग ने साराडीह बैराज में भू-अर्जन के मुआवजा राशि प्राप्त करने हेतु आवेदन किया इस संबंध में एसडीएम सारंगढ़ को जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत धोबनी, बिलाईगढ़ के पंचायत सदस्यों ने गांव में विभिन्न लोगों द्वारा किए गए बेजा कब्जा को हल्का पटवारी द्वारा चिन्हांकित कर नाम दिखाने के आदेश प्रदान करने हेतु आवेदन किया, इस संबंध में तहसीलदार बिलाईगढ़ को जांच करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग के राशन कार्ड संबंधी समस्या का हुआ त्वरित निराकरण

आज कलेक्टर जनदर्शन में बिलाईगढ़ विकाखण्ड के ग्राम-पेण्ड्रावन निवासी सूरज साहू राशन कार्ड संबंधी समस्या को लेकर जिला कार्यालय आए थे। सूरज जन्म से दोनों पैरों से विकलांग है। उन्हें राशन कार्ड में 10 किलो चावल मिलता है, जिसे अपडेट कराकर 35 किलो चावल मिलने की अर्हता हेतु उन्होंने कलेक्टर के समक्ष आवेदन किया। उक्त आवेदन पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारी को तत्काल राशन कार्ड अपडेट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने तत्काल राशन कार्ड अपडेट किया, जिसे कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने मौके पर ही सूरज साहू को राशन कार्ड प्रदाय किया।




सुशासन सप्ताह के तहत जिला कलेक्ट्रेट परिसर के सभाकक्ष में आयोजित हुई कार्यशाला

कार्यशाला में विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने शासन की योजनाओं की दी जानकारी


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 दिसम्बर 2022/ भारत सरकार, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के निर्देशानुसार जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज 'सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर' इस थीम पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने किया। गौरतलब है कि भारत के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के अनुरूप नागरिक-केंद्रित शासन को बढ़ावा देने और सेवा वितरण में सुधार लाने में भारत सरकार के द्वारा 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक 'सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर' मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यशाला में विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों और शिकायतों के निवारण की जानकारियां दी गई। इसके अलावा सभी विभाग के अधिकारियों ने जिले के बेहतर विकास के लिए अपने विचार व्यक्त किये। शासन की योजनाओं का चाहे वह ग्राम, तहसील या जिले स्तर पर हो, उन योजनाओं से लाभान्वित होने का जो वास्तविक हकदार है, उस व्यक्ति तक सही समय पर उन योजनाओं की जानकारी पहुंचे और इसके लिए प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की बात कही गई।

'प्रशासन गाँव की ओर' थीम के अंतर्गत जिले में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने की कवायद जारी है। कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजनांतर्गत गोठान म गोठ का सफल आयोजन किया गया, इसमें समस्त गोठानों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु आजीविका के विकल्पों पर चर्चा, गोबर एकत्रण एवं वर्मी खाद का निर्माण, कुपोषण दूर करने हेतु मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प में विभिन्न प्रकार की जांच, पशु टीकाकरण एवं फल एवं सब्जी क्षेत्र विस्तार करने एवं प्रशिक्षण इन विषयों पर चर्चा की गई। इसके अलावा जिले में लंबित राजस्व मामलों के निराकरण हेतु राजस्व शिविर का आयोजन किया गया जिसके तहत राजस्व प्रकरणों के नामांतरण/बंटवारा आरबीसी 6-4 द्वितीय प्रति ऋण पुस्तिका/रिकार्ड दुरुस्ती/सीमांकन/आय/जाति/निवास प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवेदन पत्र प्राप्त कर शिविर में निराकरण किये जाने योग्य आवेदनों का शिविर में निराकरण किया गया। इसके अलावा जिले में 6 वर्ष तक के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने हेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस संबंध में आंगनबाड़ी के माध्यम से गांव में मुनादी की गई और इस शिविर में 6 वर्ष तक के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनवाया गया। शिविर में संबंधित पटवारी के माध्यम से आवेदन एकत्रित किए गये और प्राप्त आवेदनों में जिनके दस्तावेज सटीक और पूर्ण पाए गये, परीक्षण उपरांत उन्हें स्थायी जाति प्रमाण जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई। जिले स्तर पर आयोजित इस शिविर का आयोजन इसलिए किया गया ताकि बच्चों को जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र की सुविधा मिल सके। 

          सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर अंतर्गत सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर के निर्देशानुसार जन शिकायतों के समाधान और बेहतर सेवा वितरण में सुधार के लिए तहसील और पंचायत समिति द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन सप्ताह प्रशासनिक सुधार एवं शासन के मंशा अनुरूप सभी जन कल्याणकारी कार्यों का समय-सीमा में क्रियान्वयन/निराकरण किये जाने के उद्धेश्य से मनाया जा रहा है। राज्य सरकार शासकीय योजनाओं का समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी लाभ मिले एवं छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूरस्थ गांव से आये लोगों को शासकीय कार्यालयों का चक्कर लगाना ना पड़े इस हेतु पारदर्शिता के साथ विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से इन योजनाओं का क्रियान्वयन करा रही है। जिसमें प्रमुख रूप से जाति/आय/निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन संबंधी आवेदन एवं विभिन्न प्रकार के आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है जिसका लाभ सभी को प्राप्त हो रहा है। उक्त कार्यशाला में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हरीश कुमार अवस्थी, व्यवहार न्यायाधीश श्री प्रशांत कुमार देवांगन, संयुक्त कलेक्टर डॉ स्निग्धा तिवारी, एसडीएम मोनिका वर्मा एवं समस्त विभाग प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




बरमकेला विकासखंड के दूरस्थ अंचल ग्राम पंचायत करनपाली में विकासखण्ड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला का हुआ आयोजन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 दिसम्बर 2022/ छ.ग.शासन संचालनालय आयुष के आदेशानुसार एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ.मीरा भगत एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में विकासखण्ड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला बरमकेला विकासखंड के दूरस्थ अंचल ग्राम पंचायत करनपाली में आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विलास सारथी व श्री कैलाश नायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष तारा अरुण शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष श्री किशोर पटेल, सरपंच श्री मोहर साय बरिहा, उपसरपंच श्री फागुलाल यादव द्वारा भगवान धन्वंतरी के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर मेला का शुभारंभ किया गया। जिसमें वात, उदर, अर्श, प्रतिश्याय, श्वास, कास, मधुमेह, उच्च-रक्तचाप, चर्म, स्त्री, आंख, कान एवं गला संबंधी रोगों के 480 मरीज का नि:शुल्क उपचार करते हुए दवाओं का वितरित किया गया।

            जनपद उपाध्यक्ष किशोर पटेल द्वारा उद्बोधन में सुदूर अंचलों में शिविरों के सहारे जनता को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने पर बल दिया गया कि आज के समय में हर व्यक्ति को अच्छे स्वास्थ्य के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। प्रथम सुख निरोगी काया आयुर्वेद जीवन शैली और योग को अपनाकर हम बेहतर स्वास्थ्य की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। डॉक्टर तिलक पटेल, डॉक्टर एस. कर, डॉ.टीकेलाल मिश्रा, डॉ.रामानंद चौधरी, डॉ.सुनील भोई श्री दयाशंकर श्रीवास (आरएमए)फार्मासिस्ट भूषण प्रसाद पटेल, नरेन्द्र प्रधान, पुनी लाल आदित्य, जागेश्वर सिंह धुन, प्रेमशंकर सिदार, रतिराम सिदार, अक्षय निषाद, सीएचओ अंजली लकड़ा, मनोज यादव (लैब टेक्नीशियन), लीलावती पटेल (आरएचओ), सचिव नीलमणी पटेल एवं समस्त ग्रामवासियों जन प्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा। जिसमें कुल 480 मरीजों का रोग निदान कर नि:शुल्क औषधि वितरण किया गया।

राज्य सरकार के 4 साल पूरे होने पर मनाया गया छत्तीसगढ़ गौरव दिवस

सारंगढ़ के खरवानी छोटे के गौठान में हुआ छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आयोजन


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 दिसम्बर 2022/ राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर आज राज्य में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ गौरव दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के साथ छत्तीसगढिय़ा संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हमारे अन्नदाता खुशहाल हैं। स्वावलंबी बन रही महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास की चमक है। यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमारे पुरखों ने विकसित, समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ का सपना देखा था। आज यह सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने सीधे मंत्रालय जाकर 19 लाख किसानों के लगभग 11 हजार करोड़ रूपए की ऋण माफी और 2500 रूपए में धान खरीदी का फैसला लिया। इस फैसले के साथ ही न्याय का जो सफर प्रारंभ हुआ था वह आज भी जारी है।

           नवगठित जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी छत्तीसगढ़ गौरव दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। जिसमें विभिन्न स्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सारंगढ़ के खरवानी छोटे के ग्राम पंचायत के गौठान में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े रही। विधायक श्रीमती जांगड़े ने पिछले 4 साल में राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उपलब्धियों के बारे में बताया एवं सभी को गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौक पर कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी भी उपस्थित थी।

           विधायक श्रीमती जांगड़े ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार को बने चार साल हो गए। इन चार सालों के दौरान राज्य सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन हुआ है। प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ में सभी वर्गों के समुचित विकास के पुरखों के सपने को पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों का ऋण माफी भी किया और धान के समर्थन मूल्य के साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना में इनपुट सब्सिडी देने की व्यवस्था की। शासन द्वारा शुरू किये गए आजीविका मूलक गतिविधियों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाली योजनाओं और समावेशी विकास के मॉडल को अन्य राज्य अपनाने में लगे हुए हैं। हमारी सरकार द्वारा न केवल धान खरीदी का काम किया बल्कि कोदो, कुटकी, रागी जैसे लघु धान्य फसलों की भी खरीदी की जा रही है। इस मौके पर विधायक श्रीमती जांगड़े ने गौठान समिति और समूह के सभी सदस्यों को शाल और पुष्प से सम्मानित किया। इस मौके पर श्री अरूण मालाकार, एसडीएम मोनिका वर्मा, गौठान समिति के सदस्य, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

जिले के विभिन्न गौठानों में मनाया गया गौरव दिवस

जिले के विभिन्न गौठानों में आज शासन के निर्देशानुसार गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। जिसमें ग्राम के गौठान समिति अध्यक्ष एवं सदस्य, महिला समूह, युवा मितान, पंचायत सचिव, वनरक्षक एवं ग्राम के नागरिक उपस्थित रहे। जिसमें गौठान से संबंधित जानकारी और छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं के बारे में बताया गया।







राज्य सरकार के 4 साल पूरे होने पर 17 दिसम्बर को मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ गौरव दिवस

 राज्य सरकार के 4 साल पूरे होने पर 17 दिसम्बर को  मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ गौरव दिवस


मुख्य कार्यक्रम खरवानी छोटे में पूर्वान्ह 11 बजे से होगा


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 दिसम्बर 2022/ राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 17 दिसम्बर 2022 को प्रदेश में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस मनाया जाएगा। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी छत्तीसगढ़ गौरव दिवस हर्ष और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जिसमें विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मुख्य कार्यक्रम खरवानी छोटे ग्राम पंचायत, सारंगढ़ में पूर्वान्ह 11 बजे से होगा। गौरव दिवस में जिले के सभी गौठान, प्राथमिक सहकारी समिति परिसर, धान खरीदी केंद्र, नगरीय निकाय के वार्ड, तेंदूपत्ता संग्रहण केन्द्र और वनोपज प्रबंधन समिति के कार्यालय आदि में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन प्रात: 11 बजे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का जनता के नाम संदेश का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासन की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के अवसर पर गौठानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में किसान, गौठान समिति के अध्यक्ष, सदस्य, पशुपालक, भूमिहीन मजदूर, जनप्रतिनिधि, स्थानीय निकायों के सदस्य, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य और स्थानीय निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसी तरह वन क्षेत्रों में उक्त अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ गौरव दिवस कार्यक्रम सभी तेंदूपत्ता संग्रहण केन्द्र और वनोपज प्रबंधन समिति के कार्य स्थलों में आयोजित किए जाएंगे। यहां किसानों, मजदूरों आदि के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपस्थितों को दी जाएगी। इसके साथ ही 17 दिसंबर को संचालित होने वाले सभी हाट-बाजार स्थलों में भी उपस्थित जनसाधारण को शासन की योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा गौरव दिवस के मौके पर दोपहर तीन बजे सभी प्राथमिक सहकारी समिति परिसर और धान खरीदी केंद्रों में किसानों को आमंत्रित कर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां भी राज्य सरकार की कृषि संबंधी प्रमुख योजनाओं जैसे ब्याज मुक्त ऋण, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इत्यादि की जानकारी दी जाएगी।

कोटपा एक्ट के तहत जिले में हुई 14 चलानी कार्यवाही

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 दिसम्बर 2022/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एफ.आर.निराला के मार्गदर्शन पर जिले भर के विभिन्न स्थानों पर छापा मार कार्यवाही की गई। जिसमें विकासखंड बरमकेला में 7, बिलाईगढ़ में 5 एवं सारंगढ़ में 2, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के क्रय-विक्रय कर्ता एवं सार्वजनिक स्थल पर उपयोगकर्ता के ऊपर चालानी कार्यवाही की गई एवं इस मौके पर तंबाकू उत्पाद के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव से बचने के लिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। ज्ञातव्य हो कि तंबाकू निषेध दिवस के दिन बड़ी संख्या में सार्वजनिक मंचों पर लोगों के द्वारा तंबाकू के सेवन नहीं करने एवं रोकथाम में अपनी योगदान देने की शपथ ली जाती है, परंतु अगले ही दिन से लोगों के द्वारा निष्क्रिय होकर स्वयं के द्वारा तंबाकू एवं तंबाकू उत्पाद के सेवन करते हुए देखा जाता है। ऐसे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.निराला ने समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिमाह कोटपा एक्ट के तहत चलानी कार्यवाही करते रहने के निर्देश दिए हैं।

सघन टीबी एवं कुष्ठ खोज अभियान का समापन, चिन्हांकित मरीजों का उपचार प्रारंभ

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशानुसार 01 दिसंबर से जिले में सघन टीबी एवं कुष्ठ खोज अभियान जारी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एफ.आर.निराला के मार्गदर्शन में जिले में टीबी एवं कुष्ठ सघन जांच खोज अभियान के अंतर्गत अब तक टीबी के 256 मरीजों के सत्यापन में 34 नए रोगी चिन्हांकित हुए हैं, वही कुष्ठ के 260 शंकाप्रद मरीजों के सत्यापन में 76 नए रोगी चिन्हांकित हुए हैं। इन मरीजों का उपचार आज जिला चिकित्सालय में प्रारंभ हो गया है। घर-घर जाकर मरीज खोजने का आज अंतिम दिन था। 16 दिसंबर से क्षेत्रीय आरएचओ के द्वारा भी वैलीडेशन किया जाएगा। जिले के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुख्यालय में बुलाकर मरीजों का सत्यापन किया जा रहा है।

अवैध धान पर मंडी एक्ट के तहत कार्यवाही जारी

जिले में अब तक कुल 628 क्विंटल धान जप्त किया गया


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में जिले में धान खरीदी कार्यों में गड़बड़ी के संबंध में जांच एवं कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है। मंडी सचिव एवं उडऩदस्ता टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही में सारंगढ़, बरमकेला और भटगांव मंडी समिति के अंतर्गत 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक कुल 16 प्रकरण बनाए जा चुके हैं। जिनमें 1570 कट्टा कुल 628 क्विंटल धान जप्त किया गया है।

सारंगढ़ मंडी समिति अंतर्गत कुल 5 प्रकरण बनाए गए हैं जिसमें ग्राम लेंधरा छोटे कोसीर तहसील के केशव किराना एवं जनरल स्टोर्स पर कार्यवाही कर 52 कट्टा धान (40 किलो  भरती), 20.80 क्विंटल कुल धान जप्त किया गया। उक्त दुकान खगेश्वर साहू/विभीषण साहू के नाम पर है। ग्राम छिन्द के राजेन्द्र साहू किराना दुकान पर कार्यवाही कर 17 कट्टा धान (40 किलो भरती), 6.80 क्विंटल धान एवं 41 कट्टा धान (50 किलो भरती) 20.50 क्विंटल जप्त किया गया। उक्त दुकान राजेन्द्र साहू/कुमार साहू के नाम पर है। ग्राम छिन्द के कान्हा ट्रेडर्स पर कार्यवाही कर 142 कट्टा धान (40 किलो भरती लगभग), 56.80 क्विंटल कुल धान जप्त किया गया। उक्त दुकान दीनदयाल केडिया/शंकर केडिय़ा के नाम पर है। ग्राम चांटीपाली अंतर्गत विशाल चौहान/रामकृष्ण चौहान से 60 कट्टा धान भरती, जिसमें कुल 24 क्विंटल धान जप्त किया गया। ग्राम गोड़ा अंतर्गत देवेंद्र जायसवाल/लक्ष्मण जयसवाल से 120 कट्टा धान भरती, कुल 48 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस तरह सारंगढ़ क्षेत्र से कुल 391 कट्टा धान भरती, 156.40 क्विंटल धान जप्त किया गया।

बरमकेला मंडी समिति अंतर्गत कुल 5 प्रकरण बनाए गए हैं जिसमें गोबरसिंघा ग्राम के विशाल अग्रवाल/सजल अग्रवाल से 104 कट्टा धान, कुल 41.7 क्विंटल, ग्राम डूमरपाली के नीलांचल भोई/दुबदिल भूल से 52 कट्टा धान, कुल 20.80 क्विंटल धान, अकबरटोला ग्राम के गोविंद राम पटेल/भागी लाल पटेल से 50 कट्टा धान, 20 क्विंटल, सरिया के सभापति/गोवर्धन से 67 कट्टा धान, 26.80 क्विंटल धान, सरिया के अजय अग्रवाल/श्याम अग्रवाल से 59 कट्टा धान, 23.60 क्विंटल जप्त किया गया। इस तरह बरमकेला क्षेत्र से कुल 322 कट्टा धान, 132.80 क्विंटल धान जप्त किया गया।

भगवान भटगांव मंडी समिति अंतर्गत कुल 6 प्रकरण बनाए गए हैं, इन 6 प्रकरणों में गाड़ी और ट्रैक्टर में अवैध धान ले जाते हुए पाया गया, जिसे उडऩदस्ता की टीम ने जप्त कर कार्यवाही की। जिसमें कोसीर ग्राम के शुभम केसरिया/धरम सिंह से 75 कट्टा धान, कुल 30 क्विंटल, ग्राम मंदा के संजय सिदार/फिरन सिंह से 132 कट्टा धान, कुल 52.80 क्विंटल, ग्राम मालदा के अशोक लहरे/विजय लहरे से 260 कट्टा धान, कुल 104 क्विंटल, ग्राम चांटीपाली के मनीष साहू/चक्रधर चाहू से 120 कट्टा धान, कुल 48 क्विंटल, ग्राम मल्दा के अंजोर लहरे/अमृत लहरे से 130 कट्टा धान, कुल 52 क्विंटल, ग्राम पाठ के अंतराम यादव/जोगीराम यादव से 130 कट्टा धान कुल 52 क्विंटल जप्त किया गया। इस तरह भटगांव क्षेत्र से कुल 847 क_ा धान जिसमें कुल 338.8 क्विंटल धान जब्त किया गया। ज्ञातव्य है कि जिले में धान खरीदी कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार मुस्तैद है, जांच एवं निगरानी के लिए बनाई गई उडऩदस्ता टीम लगातार गड़बड़ी एवं अव्यवस्था की जाँच कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।



प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर 17 दिसम्बर को मनाया जाएगा गौरव दिवस

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने संबंधित अधिकारियों को जिले में कार्यक्रम का सुचारू रूप से आयोजन कराने के दिए निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गौरव दिवस के दिन के आयोजनों की जानकारी समस्त सीईओ, सीएमओ, तहसीलदार के साथ साझा की एवं आयोजन के संबंध में तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार के 04 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 17 दिसंबर को शासन द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले में भी सभी गौठानों, धान खरीदी केंद्रों, हाट-बाजारों, तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्रों, वनोपज प्रबंधन समितियों के कार्यालय स्थलों, नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दी जाएंगी। सुबह 11 बजे किसानों, गौठान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों के सदस्यों, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा एवं शासन सुबह 11 बजे किसानों, गौठान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों के सदस्यों, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा एवं शासन द्वारा विगत 04 वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
           दोपहर 3 बजे प्राथमिक सहकारी सोसायटी परिसर, धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों को आमंत्रित करके शासन की कृषि संबंधी प्रमुख योजनाओं जैसे कि ब्याज मुक्त ऋण योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इत्यादि की जानकारी उन्हें दी जाएगी। प्रदेश के वन क्षेत्रों में इसी दिन सुबह 11 बजे तेंदुपत्ता संग्रहण केन्द्रों एवं वनोपज प्रबंधन समिति के कार्यालय स्थलों पर भी किसानों एवं मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी जिलों में संचालित हाट बाजार स्थलों में भी लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दी जाएंगी। नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर सुबह 11 बजे से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वार्ड के निवासियों को आमंत्रित करते हुए शासन की 4 वर्षों की उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया जाएगा।
          कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने उक्त कार्यक्रमों में प्रमुखता से जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा, सारंगढ़ सीईओ अभिषेक बनर्जी, जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत धु्रव, सहायक पंजीयक सहकारिता व्यास साहू उपस्थित रहे।



धान खरीदी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-कलेक्टर डॉ.सिद्दकी

गाताडीह लेन्ध्रा और रक्सा गांव के धान खरीदी केन्द्रों का कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने किया औचक निरीक्षण

गाताडीह, कोसीर और छोटे गन्तुली स्थित शासकीय विद्यालयों का किया निरीक्षण

उप-तहसील कोसीर के तहसील कार्यालय में कार्यालयीन गतिविधियों का लिया जायजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने सारंगढ़ के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम गाताडीह स्थित धान ऊपार्जन केन्द्र में धान खरीदी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में धान लेकर आए किसानों से चर्चा की। इस दौरान किसान श्री विजय लाल जिनका दो एकड़ खेत है, वे धान लेकर आए थे, उन्होंने बताया कि धान खरीदी कार्य पहले से कहीं अधिक सुलभ हुआ है। इसके अलावा धान खरीदी केन्द्र में स्टैकिंग सही तरीके से नहीं किया गया था, किसान जो धान लेकर आए थे उसमें नमी की जाँच करने पर नमी अधिक पाई गई, साथ ही रकबा समर्पण के लिए सहमति पत्र बनाने के कार्यों में लापरवाही दिखी, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और प्रभारी को नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने लेन्ध्रा स्थित धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया, उक्त धान खरीदी केन्द्र में खराब क्वालिटी वाले बारदाने देखने को मिले, जिसे कलेक्टर ने वापस लौटाने के निर्देश दिए। साथ ही धान नये बारदाने में पलटी करने के पश्चात पुन: तौल कराने को कहा। इसके अलावा बारदाने में स्टेंसिल लगाने के कार्यों का भी जायजा लिया, उन्होंने कहा कि अच्छे ब्रश का इस्तेमाल करें ताकि स्टेंसिल का चिन्ह अच्छे से दिखाई दे।
          कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने धान खरीदी केन्द्र में सभी संबंधित प्रभारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्सा स्थित धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उक्त धान खरीदी केन्द्र में उन्होंने धान की गुणवत्ता की जांच की और शासन के नियमानुसार स्टैकिंग करने के निर्देश दिए। उक्त धान खरीदी केन्द्र में पचास प्रतिशत से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, इस पर कलेक्टर ने कहा कि समय पर्याप्त है, जल्दबाजी में काम न करें, नियम के अनुसार शत-प्रतिशत सभी का रकबा समर्पण का कार्य करते हुए धान का टोकन काटें। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने धान ऊपार्जन केन्द्रों में दैनिक खरीदी, हमालों की संख्या, समय पर धान का उठाव इन विषयों पर चर्चा की।
       उक्त निरीक्षण के दौरान सारंगढ़ एसडीएम मोनिका वर्मा, नायब तहसीलदार आयुष तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी, सहकारिता अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने शिविर में बनाये जा रहे बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र का लिया जायजा
कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने 12 दिसंबर से जिले में 6 वर्ष तक के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आंगनबाड़ी के माध्यम से आयोजित शिविर का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने आज ग्राम छोटे गन्तुली स्थित ग्राम पंचायत भवन और सिंघनपुर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंची। ग्राम छोटे गन्तुली में पटवारी के तत्वाधान में शिविर का आयोजन किया जा रहा था, कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने पटवारी को एक फ्लेक्स लगाने को कहा ताकि शिविर के बारे में सबको जानकारी मिले। साथ ही शिविर में आए हितग्राहियों से बात कर जाति प्रमाण पत्र बनाने संबंधी दस्तावेज के बारे में जानकारी दी। इसके पश्चात कलेक्टर ने सिंघनपुर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित शिविर में लोगों से चर्चा कर उनसे इस शिविर से हो रहे लाभ के बारे में पूछा, लोगों ने बताया कि पहले जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटकना पड़ता था, इस शिविर के होने से बहुत सहूलियत हो गई है। आंगनबाड़ी केन्द्र की संचालिका ने बताया कि कुल 180 आवेदनों में से अधिकतर आवेदन प्राप्त हो चुके हैं एवं सभी का दस्तावेज जाँच किया जा रहा हैए, इससे शीघ्र ही उन्हें जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो सकेगा।
कलेक्टर ने शासकीय विद्यालयों का किया निरीक्षण, बच्चों से की बात  
कलेक्टर डॉ सिद्दिकी ने आज गाताडीह, कोसीर और छोटे गन्तुली स्थित शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के बच्चों से बात की, उनका हालचाल पूछा और उनका उत्साहवर्धन किया। गाताडीह के 7वीं कक्षा के छात्रों से उन्होंने 9 का पहाड़ा पूछा, जिस पर बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सही-सही पहाड़ा बोलकर सुनाया। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कहा कि वह जब अगली बार आएंगी तो 13 का पहाड़ा पूछेंगी। इसी क्रम में छोटे गन्तुली शासकीय विद्यालय के 8वीं कक्षा बच्चों से अंग्रेजी भाषा में चर्चा कर उनका नाम, परिचय और उनकी हॉबी पूछा, बच्चों ने बहुत आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में उत्तर दिया। इसके अलावा अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तक के एक अध्याय के बारे में पढ़ाते हुए कलेक्टर ने कुछ एक जटिल शब्दों के बारे में बच्चों को सरल ढंग से बताया। इसी क्रम में उन्होंने कोसीर स्थित शासकीय कन्या हाईस्कूल में छात्राओं से चर्चा के दौरान कहा कि अभी आने वाले कुछ महीने बहुत ही कीमती हैं, इस समय का सदुपयोग करें। उन्होंने छात्राओं से चर्चा कर सभी विषयों के पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी ली और उनके पसंदीदा और कठिन विषयों के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि जिन विषयों में कठिनाई महसूस होती है, उन विषयों पर छात्र विशेष ध्यान दें और लगातार अभ्यास करें। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने सभी बच्चों को आने वाली परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढऩे को कहा। इसके अलावा उन्होंने प्रेक्टिकल, खेलकूद, चित्रकला इन गतिविधियों के बारे में भी चर्चा की।
तहसील कार्यालय पहुंची कलेक्टर, आवेदकों से की चर्चा
कलेक्टर डॉ सिद्दकी ने आज उप-तहसील कोसीर के तहसील कार्यालय पहुंचकर कार्यालयीन गतिविधियों का जायजा लिया। उप-तहसील के नायब तहसीलदार बंदे राम भगत ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में आए आवेदनों की कुल संख्या एवं आवेदनों के प्रकार के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा कार्यालय में आए आवेदकों से चर्चा की तथा उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारी को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।








कायाकल्प योजना अंतर्गत जिले के स्वास्थ्य केंद्रों का हो रहा अंतिम मूल्यांकन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 दिसम्बर 2022/ नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एफ..आर.निराला के अध्यक्षता में डॉ.एस.के.खूंटे (जिला नोडल अधिकारी),डॉ.आर.एल.सिदार(बी एमओ सारंगढ),जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री एन.एल इजारदार, सुश्री योजनागंधा(स्टाफ नर्स),श्री मनीष राज रत्नाकर(फार्मासिस्ट एवं जिला स्टोर कीपर) की टीम के द्वारा जिले के समस्त कायाकल्प योजना के तहत प्रतिभागी स्वास्थ्य केंद्रों का अंतिम मूल्यांकन किया जा रहा है। इस योजना में बरमकेला ब्लॉक के  बोंदा, लेंधरा (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) बड़े नवापारा, देवगांव, पीहरा, कर्राकोट एवं नदीगांव (उप स्वास्थ्य केंद्र) विकासखंड बिलाईगढ़ के भटगांव व गोपालपुर(प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) जबकि सारंगढ़ विकासखंड के कनकबीरा, गोडम, भेड़वन, हिर्री (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र),लेंधरा, सालर, उलखर और जशपुर (उप स्वास्थ्य केंद्र) अंतिम राउंड में जगह बनाने में सफलता हासिल की। 09 दिसंबर 2022 को ब्लॉक बरमकेला एवं 10 दिसंबर 2022 को ब्लॉक सारंगढ़ के प्रतिभागी स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन किया गया। जबकि बिलाईगढ़ के प्रतिभागी स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन 13 दिसंबर 2022 को किया जाना प्रस्तावित है। कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना अंतर्गत सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन व संक्रमण नियंत्रण प्रथाओं में सुधार व बढ़ावा देना है। इस क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को प्रोत्साहित करने की शुरुआत 2015 में जिला स्तर के अस्पतालों को पुरस्कृत करने के साथ हुई थी। इसका विस्तार 2016 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर किया गया जबकि 2021 से यह योजना उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर भी संचालित है। वर्ष 2021 में रायगढ़ जिला में रहते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर कनकबीरा एवं उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर हरदी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो चुका है जबकि और कई स्वास्थ्य केंद्रों को सांत्वना पुरस्कार भी प्राप्त हो चुके हैं जो जिलेवासियों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में गौरव की बात है।

तहसीलदार ने संयुक्त टीम बनाकर अवैध धान जप्ती की कार्यवाही

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में जिले में धान खरीदी कार्यों में गड़बड़ी के संबंध में निगरानी एवं जाँच की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में सारंगढ़ तहसीलदार एवं मंडी सचिव की संयुक्त उडऩदस्ता टीम द्वारा कार्यवाही की गई। कार्यवाही में सारंगढ़ और कोसीर के तीन अलग-अलग स्थलों में कार्यवाही कर अवैध धान जप्त किया गया। जिसमें ग्राम लेंधरा छोटे कोसीर तहसील के केशव किराना एवं जनरल स्टोर्स पर कार्यवाही कर 52 कट्टा धान (40 किलो  भरती), 20.80 क्विंटल कुल धान जप्त किया गया। उक्त दुकान खगेश्वर साहू के नाम पर है। सारंगढ़ तहसील के ग्राम छिन्द के राजेन्द्र साहू किराना दुकान पर कार्यवाही कर 17 कट्टा धान (40 किलो भरती), 6.80 क्विंटल धान एवं 41 कट्टा धान (50 किलो भरती) 20.50 क्विंटल जप्त किया गया। उक्त दुकान राजेन्द्र कुमार साहू के नाम पर है। इसी तरह सारंगढ़ तहसील के ग्राम छिन्द के कान्हा ट्रेडर्स पर कार्यवाही कर 142 कट्टा धान (40 किलो भरती लगभग), 56.80 क्विंटल कुल धान जप्त किया गया। उक्त दुकान दीनदयाल केडिया के नाम पर है। ज्ञातव्य है कि जिले में धान खरीदी कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार मुस्तैद है, जांच एवं निगरानी के लिए बनाई गई उडऩदस्ता टीम लगातार गड़बड़ी एवं अव्यवस्था की जाँच कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।


कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने धान खरीदी कार्यों की ली समीक्षा बैठक

*जिले में आगामी दिनों में पुन: होगा पैरादान महाअभियान*

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जनपद पंचायत के सभाकक्ष में खाद्य विभाग के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने उपस्थित सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी कार्यों में किसानों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने को कहा। साथ ही धान के उचित रख-रखाव और उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिद्दकी ने धान के परिदान और ऊपार्जन में अंतर न हो, इस पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने पैरादान महाअभियान पर चर्चा करते हुए बताया कि पहले एक दिन के लिए पैरादान महाअभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया था, उसी तर्ज में आगामी 27 से 29 दिसंबर तक तीन दिनों के लिए पैरादान महाअभियान का आयोजन किया जाएगा ताकि पैरा संग्रहण समुचित मात्रा में हो सके। 

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने खराब मौसम या ओलावृष्टि के मद्देनजर उपार्जन केन्द्रों में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा धान ऊपार्जन में धान की आवक और उठाव को नियमित रूप से करने को कहा तथा परिदान और ऊपार्जन में सामंजस्य बनाए रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में गड़बड़ी के मामलों पर संबंधित नोडल को सूचित करने को कहा। उन्होंने स्टैकिंग का ध्यान रखने की बात कहते हुए कहा कि प्रतिदिन स्टैकिंग करें, ताकि कोई भी निरीक्षण के लिए अगर आए तो उसे एक बार में गिनती करने में पता चल जाना चाहिए। साथ ही बारदाने की मार्किंग का ध्यान रखने को कहा, इसके अलावा सिलाई के लिए प्लास्टिक का उपयोग न करते हुए सुतली का इस्तेमाल करने को कहा क्योंकि प्लास्टिक एक समय के बाद नमी की वजह से सढऩे लगता है। 

समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कहा कि वे लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब आने वाले समय में धान की आवक बढऩे वाली है, इसलिए धान खरीदी के कार्य को बहुत अधिक गंभीरता से लें। सभी अपने स्तर पर बेहतर कार्य करें, किसी की शिकायत नहीं आनी चाहिए अन्यथा कार्यवाई की जाएगी। सहकारिता अधिकारी ने धान की आवक के समय का विशेष ध्यान रखते हुए बताया कि कई जगह 3 बजे के बाद भी धान की आवक हो रही है। इसके अलावा जो किसान ऋण लिए हैं, उनकी एंट्री सुनिश्चित करने को कहा ताकि आने वाले समय में बैंकिंग की समस्या न आए, साथ ही रकबा समर्पण करने के साथ उसकी एंट्री नियमित रूप से करने के लिए कहा। उन्होंने धान की जांच करने, स्टैकिंग के नियमों का पालन करने और समय पर धान उठाव करवाने, फड़ प्रभारी और बारदानी प्रभारी की नियुक्ति, हमालों की व्यवस्था, धान की मात्रा का ऋण पुस्तिका में एंट्री, रकबा समर्पण, धान की नमी का उचित ढंग से मापन करने, धान के बारिश और नमी से बचाव की उचित व्यवस्था रखने, शाम के बाद धान उठाव न करने और धान की तौलाई में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी ना करते हुए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में पैरादान के दो फ्लेक्स लगाना सुनिश्चित करने को कहा ताकि जो भी किसान धान बेचने आएं वे सभी धान कटाई के पश्चात गौठानों में पैरादान करें। बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, खाद्य अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।





कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने ली महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक, एनीमिया से पीडि़त महिलाओं की सूची तैयार के दिए निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी ने आज जिले के सभाकक्ष में महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने 12 दिसंबर से शुरू होने जा रहे शिविर जिसमें आंगनबाड़ी की महिलाओं की सहायता से पूरे जिले में 6 वर्ष तक के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनवाया जाएगा इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। यह शिविर आने वाले दो सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने आंगनबाड़ी की महिलाओं से चर्चा कर आंगनबाड़ी केन्द्र में दिए जा रहे भोजन की जानकारी ली, इसके अलावा उन्होंने बताया कि अभी जिले के समस्त गौठानों में 'गौठान म गोठ' कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगातार महिलाओं की खून जांच की जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के बारे में चर्चा कर कुपोषित महिलाओं का आंकड़ा तैयार करने को कहा ताकि एनीमिया से पीडि़त महिलाओं की सूची बनाकर उन्हें उचित इलाज मुहैया कराया जा सके। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और कहा कि अब आनलाइन माध्यमों की सुविधा होने से यह पहले से कहीं आसान हो गया है। 

कलेक्टर डॉ.सिद्दकी ने कहा कि पहले ही जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु राजस्व शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्राप्त आवेदनों में छोटे बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के आवेदन प्राप्त हुए थे, उन बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र शीघ्रता से तैयार करना सुनिश्चित करने हेतु इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में समस्त आंगनबाडिय़ों के माध्यम से 6 वर्ष तक के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनवाया जाएगा और संबंधित पटवारी के माध्यम से आवेदन एकत्रित किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों में जिनके दस्तावेज सटीक और पूर्ण होंगे, परीक्षण उपरांत उन्हें स्थायी जाति प्रमाण जारी किया जाएगा। जिले स्तर पर इस शिविर का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि बच्चों को जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र की सुविधा मिल सके। उक्त बैठक के दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संबंधित विभाग प्रमुख एवं आंगनबाड़ी की महिलाएं उपस्थित रहीं।






कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

*कलेक्टर डॉ.सिद्दीकी ने धान खरीदी कार्यों के संबंध में ली समीक्षा बैठक* *वर्मी कम्पोस्ट के रख रखाव एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने के दिए निर...